जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में सियासी रण अपने चरम पर है। सियासी रण में हिस्सा लेने वाले सभी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने चुनाव प्रचार करने के लिए ऐ़डी चोटी का जोर लगा दिया है। एक तरफ सीएम ममता बैनर्जी एक के बाद एक रैली करके एसआईआर के मुद्दे पर बीजेपी को घेर रही है वहीं बीजेपी भी पलटवार करने का एक मौका नहीं गवां रही है। इसी चुनावी सरगर्मी के बीच आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल में चुनावी हुंकार भरेंगे। वह आज बंगाल में एक के बाद एक ताबड़तोड़ 3 रैलियों को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी सबसे पहले पूर्वी मेदिनीपुर के हल्दिया में, दूसरी रैली आसनसोल और तीसरी रैली बीरभूम में करेंगे। पूर्वी मेदिनीपुर और आसनसोल बीजेपी का गढ़ है वहीं, बीरभूम ममता बनर्जी का मजबूत किला है, यहां प्रधानमंत्री मोदी के निशाने पर सीएम ममता बनर्जी होगी।

ममता का किला ढहाने की तैयारी!
इससे पहले रविवार को पीएम मोदी ने उत्तर बंगाल के कूचबिहार में पहली जनसभा के जरिए बंगाल में चुनाव प्रचार की शुरुआत की थी। बंगाल में बीजेपी ममता बनर्जी का किला ढहाने के लिए पुरजोर कोशिश कर रही है। अमित शाह बंगाल में डेरा डाले हुए हैं, अब प्रधानमंत्री मोदी भी बंगाल के चुनावी रण में पूरी तरह से उतर गए हैं। ममता बनर्जी के सामने जहां अपना गढ़ बचाने की चुनौती है तो वहीं बीजेपी बंगाल फतह पर फोकस कर रही है।
पश्चिम बंगाल में कब है चुनाव?
पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटों के वोटिंग दो फेज में कराई जानी है। चुनाव आयोग के शेड्यूल के मुताबिक, पहले चरण की वोटिंग 23 अप्रैल को होगी और दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी। वहीं, चुनाव के परिणाम 4 मई को सामने आएंगे। इस बार चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी दल भाजपा के बीच है।





