ई20 पर केजरीवाल के प्रदर्शन पर भाजपा का निशाना, कहा, अपनी विफल राजनीति को जिंदा करने की कोशिश कर रहे आप संयोजक

नयी दिल्ली, एजेंसी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर ई20 पेट्रोल के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास तक मार्च करने के उनके कदम पर पलटवार किया। भाजपा ने केजरीवाल पर भारतीय किसानों के हितों का विरोध करने और अपनी ‘विफल हो चुकी राजनीति’ को फिर से शुरू करने की कोशिश का आरोप लगाया। दिल्ली पुलिस ने केजरीवाल और अन्य लोगों को फिरोजशाह रोड पर प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करने से रोक दिया। केजरीवाल ने ई20 (20 प्रतिशत एथनॉल मिश्रित) पेट्रोल के खिलाफ 2.30 लाख से ज्यादा ज्ञापन सौंपने के लिए करीब 100 लोगों के साथ मार्च शुरू किया था। उनका आरोप है कि इस ईंधन नीति से गाड़ी मालिकों पर बुरा असर पड़ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया था कि केंद्र अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में एथनॉल मिश्रित पेट्रोल को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार इस मुद्दे पर अमेरिका के आगे ‘झुक’ गई है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने केजरीवाल के विरोध को ‘बेतुका’, ‘बेमतलब’ और राजनीति से प्रेरित बताया। चुघ ने दावा किया कि एथनॉल मिश्रित पेट्रोल कार्यक्रम को पारदर्शी और वैज्ञानिक तरीके से लागू किया गया है और इस पर कोई आपत्ति नहीं उठाई गई है। उन्होंने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल का मार्च बेतुका, गैर-जिम्मेदाराना और बेमतलब है। सब कुछ वैज्ञानिक तरीके से किया गया है। प्रक्रिया को सही तरीके से मंजूरी दी गई है और किसी ने कोई शिकायत नहीं की है।’’ ई20 पेट्रोल के खिलाफ केजरीवाल के अभियान पर निशाना साधते हुए चुघ ने आरोप लगाया कि आप नेता एथनॉल मिश्रण का विरोध करके भारतीय किसानों के हितों के खिलाफ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘केजरीवाल का अभियान भारत के किसानों के खिलाफ है। आप किसानों को उनकी आय से दूर करने की कोशिश कर रहे हैं, केजरीवाल जी। एथनॉल मक्का, गन्ना और दूसरे कृषि उत्पादों से बनता है। एथनॉल का इस्तेमाल दुनिया भर के कई देशों में कई दशकों से किया जा रहा है, और भारत में भी इसका इस्तेमाल वैज्ञानिक तरीके से किया गया है।’’ भाजपा नेता ने दावा किया, ‘‘केजरीवाल सिर्फ़ बेवजह का विवाद खड़ा करना चाहते हैं। वह किसी भी कीमत पर राजनीति करना चाहते हैं। उन्हें न तो देश की चिंता है, न गाड़ियों की, न ही लोगों की समस्याओं की। वह सिर्फ़ अपनी नाकाम राजनीति को फिर से ज़िंदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उनके तर्कों का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है।’’

पुलिस ने मार्च कर रहे केजरीवाल और अन्य को रोका

देश में ई-20 पेट्रोल की बिक्री के खिलाफ 2.30 लाख से अधिक ज्ञापनों को सौंपने के लिए प्रधानमंत्री आवास की ओर मंगलवार को करीब 100 लोगों के साथ मार्च कर रहे आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पार्टी के अन्य नेताओं को दिल्ली पुलिस ने फिरोजशाह मार्ग पर रोक लिया। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद केजरीवाल, दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, जैस्मीन शाह और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ फिरोजशाह मार्ग पर ही धरने पर बैठ गए। आप ने देश भर के लोगों से एकत्र ज्ञापनों को सौंपने के लिए लगभग 100 लोगों के साथ मार्च शुरू किया था। ये ज्ञापन सरकार की ई-20 पेट्रोल को बढ़ावा देने वाली ति के खिलाफ थीं, जिसमें आरोप लगाया गया था कि एथनॉल-मिश्रित ईंधन का वाहन मालिकों पर बुरा असर पड़ रहा है। केजरीवाल ने मार्च से पहले समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी देश भर के लोगों द्वारा हस्ताक्षरित 2.30 लाख से अधिक ज्ञापन लेकर जा रही है और उन्होंने सरकार से करोड़ों वाहन मालिकों की चिंताओं पर संज्ञान लेने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘हम देश भर के लोगों द्वारा हस्ताक्षरित 2.30 लाख से अधिक ज्ञापन के साथ प्रधानमंत्री आवास जा रहे हैं। हम चाहते हैं कि सरकार उन करोड़ों वाहन मालिकों की चिंताओं को सुने जो ई20 पेट्रोल के कारण समस्याओं का सामना कर रहे हैं।’’ पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को पांच फिरोज शाह मार्ग से आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया, ‘‘किसी को भी 5, फिरोज शाह मार्ग से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हमने दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों समेत बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए हैं।’’ यह विरोध प्रदर्शन आप द्वारा एथनॉल जनसभा आयोजित करने और ई20 ईंधन के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान शुरू करने के कुछ दिनों बाद हो रहा है। केजरीवाल ने इससे पहले प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर एथनॉल-मिश्रित पेट्रोल से जुड़ी चिंताओं पर चर्चा के लिए उनसे मिलने का समय मांगा था।