जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: पुडुचेरी विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान जारी है। इस दौरान अद्भुत नजारा देखने को मिला। गुरुवार को पुडुचेरी के VOC सरकारी स्कूल पोलिंग स्टेशन पर साड़ी पहने "नीला" नाम के एक रोबोट ने वोट डालने आए मतदाताओं का स्वागत किया। इस तरह केंद्र शासित प्रदेश में चल रहे विधानसभा चुनावों में टेक्नोलॉजी का एक नया रंग देखने को मिला। एक इवेंट-आधारित इंटरैक्टिव मशीन के तौर पर विकसित इस रोबोट को वोट डालने आने वाले मतदाताओं का स्वागत करने और उनकी सहायता करने के लिए तैनात किया गया था।

क्या है इस रोबोट की खासियत?
इस इनोवेशन के बारे में बात करते हुए रोबो मिरर के कौशिक ने कहा कि इस रोबोट को सार्वजनिक जुड़ाव के कई अलग-अलग माहौल के लिए डिजाइन किया गया है। कौशिक ने कहा, "इस रोबोट का नाम नीला है। यह एक इवेंट-बेस्ड रोबोट है यानी शादियों, सरकारी कामों और चुनावों जैसे इवेंट्स के लिए। हम कोयंबटूर से आए हैं। नीला रोबोट में कई फीचर्स हैं। इसमें एक वॉइस फीचर भी है और यह खुद से बात भी कर सकती है। हम इसमें कमांड डाल सकते हैं और इसकी आवाज पास खड़े व्यक्ति को सुनाई देगी। यह यहां वोटरों का स्वागत कर रही है।"

असर, केरल और पुडुचेरी में चुनाव
रोबोट को अंग्रेजी और तमिल दोनों भाषाओं में बोलते हुए सुना जा सकता था। इसने मतदाताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। इस बीच, पुडुचेरी, केरल और असम में सुबह 7 बजे मतदान शुरू हो गया, जो विधानसभा चुनावों का एक अहम चरण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया।





