विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी का ट्वीट, भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का आभार किया व्यक्त 

जनप्रवाद ब्यूरो, पटना : बिहार की सियासत के लिए आज एक बड़ा दिन है। आज नीतीश युग का अंत हुआ और सम्राट युग का आरंभ होने वाला है। दरअसल आज नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री के तौर पर आखिरी कैबिनेट मीटिंग की, जिसमें उन्होंने इस्तीफे का ऐलान किया। इसके बाद हुई बीजेपी विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को नेता चुना गया। यानी ये साफ हो गया है कि सम्राट चौधरी नए सीएम होंगे। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने पहली बार ट्वीट किया है। 

सम्राट चौधरी ने अपने ट्वीट में कहा कि भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझ पर विश्वास जताते हुए भाजपा बिहार विधानमंडल दल के नेता का दायित्व सौंपने पर हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है। मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जन-जन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेता हूँ। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व एवं माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मार्गदर्शन में बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहूँगा। आप सभी का स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है। जय बिहार, जय भारत!