बिहार के लिए बड़ा दिन, सीएम नीतीश कुमार देंगे इस्तीफा, भाजपा विधायक दल की बैठक में होगा नए सीएम का ऐलान 

जनप्रवाद ब्यूरो, पटना: बिहार की राजनीति में आज का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज होगा। आज यानी 14 अप्रैल को बिहार में 10 बार सीएम रहे नीतीश कुमार इस्तीफा देंगे। इस्तीफे के बाद राज्य में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर्यवेक्षक के रूप में पटना पहुंचेंगे। दोपहर 2 बजे भाजपा विधायक दल की बैठक होगी जिसमें बिहार के अगले मुख्यमंत्री का चयन किया जाएगा। मुख्यमंत्री पद के लिए जिन नामों की सबसे ज्यादा चर्चा है उनमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सबसे आगे बताए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी उनके नाम की सिफारिश की है, जिससे उनका दावा मजबूत माना जा रहा है। हालांकि, भाजपा के पिछले फैसलों को देखते हुए किसी नए चेहरे को सामने लाकर चौंकाने की संभावना भी बनी हुई है।

सम्राट चौधरी कुशवाहा समुदाय से आते हैं, जो पिछड़ी जातियों में यादवों के बाद बड़ा वर्ग माना जाता है। इसी समुदाय से प्राणपुर की विधायक निशा सिंह का नाम भी चर्चा में है, और महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने के नजरिए से पार्टी यह विकल्प भी चुन सकती है।

अति पिछड़ा वर्ग से भी दावेदारी
अति पिछड़ी जातियों से आने वाले नेताओं में मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। उनके अलावा दीघा से विधायक संजीव चौरसिया, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, और अन्य नेताओं जैसे हरि सहनी व रमा निषाद के नाम भी चर्चा में हैं।

अनुसूचित जाति से मुख्यमंत्री बनाने की चर्चा
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि भाजपा अनुसूचित जाति से किसी नेता को मुख्यमंत्री बना सकती है। इस वर्ग से जनक राम का नाम सामने आ रहा है, जो रविदास समुदाय से आते हैं और पहले मंत्री रह चुके हैं।

अन्य बड़े नाम भी रेस में
इसके अलावा लखेंद्र पासवान, भाजपा सांसद संजय जायसवाल और मंत्री दिलीप जायसवाल जैसे नेताओं के नाम भी संभावित उम्मीदवारों में गिने जा रहे हैं। मंगलवार दोपहर तक अटकलों का दौर जारी रहेगा। विधायक दल की बैठक के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल, सम्राट चौधरी सबसे मजबूत दावेदार नजर आ रहे हैं, लेकिन अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व के हाथ में है, देखना होगा कि भाजपा तय चेहरे पर मुहर लगाती है या फिर कोई नया नाम सामने लाकर सभी को चौंकाती है।