जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गया। घायलावस्था में उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दूसरा उसका साथी मौके का फायदा उठाकर भाग गया जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार रविवार को थाना बीटा-2 पुलिस ओमेक्स गोलचक्कर के पास चेकिंग कर रही थी।

तभी सामने से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार वहां से भागने का प्रयास करने लगे। जब पुलिस ने उसका पीछा किया तो एक व्यक्ति ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। जिसमें एक व्यक्ति के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान सोनू श्रीवास्तव पुत्र तुलसी निवासी घटकना, थाना मौदहा, जिला हमीरपुर वर्तमान पता भंगेल, थाना फेस-2, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुयी है।

उसके कब्जे से एक तमंचा, एक जिन्दा व एक खोखा कारतूस और थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र से चोरी की मोटरसाइकिल अपाचे व लूटी गयी सोने की चैन बरामद की गई है। गिरफ्तार बदमाश का दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश हेतु काम्बिंग की जा रही है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।





