पुलिस खेल प्रतियोगिता का समापन, विजेता टीमों को किया सम्मानित

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। गौतमबुद्धनगर जनपद के रिजर्व पुलिस लाइंस में 10 सितंबर से चल रही पुलिस वॉलीबॉल प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश पुलिस के 11 जोनों की पुरुष एवं महिला टीमों के करीब 550 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। देखिए, फाइनल मुकाबले में किस टीम को सफलता मिली। 

10 सितंबर से रिजर्व पुलिस लाइंस में चल रही प्रतियोगिता में कई जनपदों की टीमों ने भाग लिया। सोमवार को समापन अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजय कुमार बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। मीडिया सेल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार वॉलीबॉल (पुरुष वर्ग) के फाइनल मुकाबले में मेरठ जोन ने वाराणसी जोन को पराजित कर चल बैजन्ती (ट्रॉफी) अपने नाम की। वहीं, सेपक टकरा (पुरुष वर्ग) डबल्स इवेंट के फाइनल मुकाबले में पीएसी पश्चिमी जोन ने लखनऊ जोन को हराकर चल बैजन्ती (ट्रॉफी) प्राप्त की। इसके साथ ही सेपक टकरा (पुरुष वर्ग) रेगू इवेंट व क्वाड इवेंट के फाइनल मुकाबले में पीएसी पश्चिमी जोन ने पीएसी मध्य जोन को पराजित कर चल बैजन्ती (ट्रॉफी) अपने नाम की।

वॉलीबॉल (महिला वर्ग) के फाइनल मुकाबले में मेरठ जोन ने लखनऊ जोन को पराजित कर चल बैजन्ती (ट्रॉफी) अपने नाम की। वहीं सेपक टकरा (महिला वर्ग) डबल्स इवेंट के फाइनल मुकाबले में लखनऊ जोन ने बरेली जोन को हराकर चल बैजन्ती (ट्रॉफी) प्राप्त की। सेपक टकरा (महिला वर्ग) रेगू इवेंट व क्वाड इवेंट के फाइनल मुकाबले में बरेली जोन ने लखनऊ जोन को पराजित कर चल बैजन्ती (ट्रॉफी) अपने नाम की। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजय कुमार ने सभी विजेता टीमों को टॉफी देकर सम्मानित किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त लाइंस डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त लाइंस शकील मोहम्मद सहित कई पुलिस अधिकारीगण मौजूद रहे।