जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। यूपी के अलीगढ़ स्थित क्वार्सी थाना क्षेत्र के एफएम टॉवर इलाके में सोमवर रात को एक शादी समारोह का आयोजन था। यहां एएमयू छात्र गुट एक दूसरे पक्ष से विवाद हो गया। इस विवाद में फायरिंग तक हो गई। इस मामले में अलीगढ़ पुलिस ने एएमयू छात्र सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर एक और नाम सामने आया। इस मामले में बुधवार को पुलिस एएमयू के सर जियाउद्दीन हॉल में दबिश दी। जहां से आरोपी तो फरार हो गया लेकिन उसके कमरे से मैग्जीन, कारतूस, नकली नोटों का जखीरा और फर्जी मार्कशीट यहां तक कि एनरोलमेंट पत्र भी मिला है। फिलहाल, पुलिस ने कमरे को सील कर बरामद की गई सामान के आधार पर एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।

बता दें कि बीते सोमवार को एक्वा वाटर पार्क के पास एक शादी समारोह था। यहां वाहनों को की पार्किंग को लेकर एएमयू छात्रों और उनके बाहरी परिचितों के गुटों में आपसी झगड़ा हो गया। इस मामले में पुलिस ने एफएम टॉवर टीचर्सकालोनी निवासी फैशल, मोहम्मद साकिब एवं अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इस विवाद के बाद अगले दिन ग्रीन सोसायटी के सामने फिर से दोनों पक्ष भिड़ गए। पुलिस ने जब सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो पता चला कि विवाद में गोली भी चली है। हालांकि, किसी को गोली नहीं लगी। इस मामले में पुलिस ने अशरफ, फैसल और शाकिब को गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ के आधार पर पता चला कि एक और आरोपी एएमयू के एमसीए द्वितीय वर्ष का छात्र शहबाज भी शामिल है। बताया जा रहा है कि जिस कमरे में शहबाज रहता है पहले इसमें दो छात्र रहते थे। लेकिन, शहबाज ने उसे डरा-धमकाकर वहां से भगा दिया। बुधवार को पुलिस अधिकारी टीम के साथ जियाउद्दीन हॉल में दबिश देने पहुंच गए। पुलिस की भनक लगते ही शहबाज वहां से भाग निकला। जब पुलिस ने उसके कमरे की तलाशी ली तो पुलिस को चौंका देने वाला सामान मिला। उसके कमरे से देशी पिस्टल की दो मैग्जीन, चार खोखा कारतूस 315 बोर, एक नौ एमएम कारतूस, आठ मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, सीबीएसई की दो हाईस्कूल की मार्कशीट बरामद हुई। चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों मार्कशीट शहबाज के नाम की ही हैं। एक में जन्मतिथि 1988 अंकित है जबकि दूसरी में 1999 है। एएमयू के दो एनरोलमेंट पत्र भी पुलिस को मिले हैं। इसके अलावा कुछ नकली नोट भी मिले हैं।





