जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। जनपद गौतमबुद्धनगर की दादरी पुलिस की एक इनामी बदमाश के साथ मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल व तमंचा बरामद किया है।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि थाना दादरी पुलिस चिटहैरा नहर पर पैरीफेरल अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। तभी एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही वह भागने का प्रयास करने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसका पीछा किया। अपने आप को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई। गोली उसके पैर में लगी जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। पुलिस ने उसे घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया।
एडीसीपी ने बताया कि जब उससे पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम अशोक कुमार पुत्र राजेन्द्र निवासी एटा बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। एडीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त कार में लिफ्ट देकर डरा-धमकाकर मोबाइल फोन,नकदी, आदि सामान लूट लेता था। गिरफ्तार अभियुक्त पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में चार मुकदमें दर्ज हैं। इस बाबत एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने विस्तृत जानकारी दी है।
बाइट : संतोष कुमार, एडीसीपी ग्रेटर नोएडा
पुलिस की इनामी बदमाश संग मुठभेड़, लिफ्ट देकर राहगीरों से करते थे लूटपाट
11-Jul-2026





