पीएम मोदी की अपील का दिखा असर, ई-रिक्शा से कार्यालय पहुंचे अमरोहा जिलाध्यक्ष 

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
अमरोहा। स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में चल रही नाकेबंदी को लेकर भारत में पेट्रोल-डीजल की समस्या पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का असर दिखाई देने लगा है। यूपी के अमरोहा जिले में भाजपा जिलाध्यक्ष उदयगिरी गोस्वामी ई-रिक्शा से जिला कार्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रण लिया है कि जब तक पेट्रोल-डीजल की स्थिति सामान्य नहीं होती, वे चार पहिया वाहन का इस्तेमाल नहीं करेंगे। शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष उदय गिरी गोस्वामी ई-रिक्शा से भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे। उन्हें देखकर वहां मौजूद सभी कार्यकर्ता चौंक गए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन बचाने की अपील की है। उसी का पालन करते हुए उन्होंने यह फैसला लिया है। 


जानकारी देते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष उदय गिरी गोस्वामी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने देशहित में ईंधन बचाने की अपील की है। देश इस समय चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है। हम सभी की जिम्मेदारी है कि सहयोग करें। जब तक पेट्रोल-डीजल की सप्लाई और रेट सामान्य नहीं होते, मैं निजी कामों के लिए कार का प्रयोग नहीं करूंगा। ई-रिक्शा और जरूरत पर दोपहिया से चलूंगा। जिलाध्यक्ष के इस कदम की कार्यकर्ताओं ने सराहना की। उन्होंने अन्य पदाधिकारियों और जनता से भी ईंधन बचाने की अपील की।