पूर्वोत्तर में अब बमों और गोलीबारी की आवाज बीते दिनों की बात: पीएम मोदी

जनप्रवाद ब्यूरो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के असम के दो दिवसीय दौरे के दौरान खराब मौसम की वजह से उनके कार्यक्रम में अचानक बदलाव करना पड़ा। प्रधानमंत्री का आज कोकराझार जाने का कार्यक्रम तय था, लेकिन उसे रद्द कर दिया गया, जिसके बाद पीएम गुवाहाटी पहुंचे। अधिकारियों के मुताबिक इलाके में खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि पूर्वोत्तर में बमों और गोलीबारी की आवाज अब बीते दिनों की बात हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस क्षेत्र में दीर्घकालिक शांति सुनिश्चित की, जबकि कांग्रेस ने स्वार्थी हितों के लिए विभिन्न समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
पीएम मोदी का कांग्रेस पर निशाना

बारिश के कारण यात्रा कार्यक्रम में बाधा आने के बाद गुवाहाटी से डिजिटल माध्यम से असम के कोकराझार जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि राज्य डबल इंजन सरकार के तहत शांति एवं विकास का एक नया अध्याय लिख रहा है। मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने स्वदेशी लोगों की जमीन घुसपैठियों को सौंपकर राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने का काम किया। उन्होंने कहा, आगामी चुनावों में कांग्रेस को दंडित करें और यह स्पष्टसंदेश दें कि इस देश में घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है। 
पीएम मोदी ने असम को दिया तोहफा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम में विधानसभा चुनाव से पहले शुक्रवार को राज्य के कोकराझार जिले में 4,570 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की डिजिटल रूप से शुरूआत की। भारी बारिश के कारण कोकराझार का दौरा रद्द होने के बाद प्रधानमंत्री ने गुवाहाटी से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से परियोजनाओं की शुरूआत की। मोदी ने तीन नयी रेलगाड़ियों- कामाख्या-चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस और नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
4,570 करोड़ की परियोजनाओं की शुरूआत 

पीएम मोदी ने रेलवे संबंधी रखरखाव को मजबूत करने और परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए जिले के बाशबारी में एक आवधिक ओवरहालिंग (पीओएच) कार्यशाला की आधारशिला भी रखी। मोदी ने असम माला 3.0 के भूमि पूजन में डिजिटल रूप से भाग लिया, जो सड़क अवसंरचना की एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के तहत 900 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिससे अंतरराज्यीय संपर्क में सुधार होगा और राष्ट्रीय राजमार्गों तथा ग्रामीण सड़कों के बीच जुड़ाव को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) क्षेत्र में लगभग 1,100 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित किए जाने वाले चार फ्लाईओवर और दो पुलों के भूमि पूजन में भी डिजिटल रूप से भाग लिया। अधिकारियों ने बताया कि इन परियोजनाओं से कोकराझार जिले में यातायात सुगम होने और कनेक्टिविटी, पर्यटन, कृषि तक पहुंच, स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच और ग्रामीण आवागमन में सुधार होने की उम्मीद है। असम में विधानसभा चुनाव अप्रैल में होने की संभावना है, जिसमें सत्तारूढ़ भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है।