नयी दिल्ली, एजेंसी। संसद भवन परिसर में मंगलवार को सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की साप्ताहिक संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पहुंचने पर राजग सांसदों ने तिरंगा लहराकर तथा ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाकर उनका स्वागत किया। संसद भवन पुस्तकालय स्थित जीएमसी बालयोगी सभागार में आयोजित इस ‘मंगल मिलन’ बैठक में केंद्रीय मंत्रियों, राजग नेताओं और गठबंधन में शामिल दलों के सांसदों ने हिस्सा लिया।बैठक में जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने जल शक्ति मंत्रालय के विभिन्न कार्यों पर एक प्रस्तुति भी दी। प्रधानमंत्री के सभागार में पहुंचते ही मंत्रियों और सांसदों ने राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए उनका अभिनंदन किया तथा ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, निर्मला सीतारमण, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान, एस जयशंकर सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। राजग के घटक दलों के नेताओं में जद(एस) के एचडी कुमारस्वामी, तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के किंजरापु राम मोहन नायडू, आरपीआई (ए) के रामदास आठवले, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रफुल्ल पटेल, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा और एनसीपीआई की शताब्दी रॉय सहित अन्य मंत्री भी बैठक में मौजूद रहे। संसद सत्र के दौरान हर मंगलवार को राजग संसदीय दल की बैठक आयोजित की जाती है। संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई को शुरू हुआ था और 13 अगस्त को संपन्न होगा। बैठक के तुरंत बाद, राजग सांसदों ने संसद के 'मकर द्वार' के बाहर विरोध प्रदर्शन किया, जहां उनका आमना-सामना विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों से हुआ, जो विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे।एक ओर, जहां सत्तारूढ़ गठबंधन के सांसदों ने झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों पर पुलिस की ‘‘बर्बर’’ कार्रवाई और देश के अलग-अलग हिस्सों में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के मुद्दे पर संसद में चर्चा से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कथित तौर पर ‘‘भागने’’ का विरोध करते हुए नारे लगाए। वहीं दूसरी ओर, विपक्षी दलों के सांसद अयोध्या के राम मंदिर से कथित चढ़ावा चोरी पर संसद में चर्चा और प्रश्नपत्र लीक को लेकर दिल्ली में 20 जुलाई को प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस के कथित बल प्रयोग को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री के बयान की मांग कर रहे थे।
मंगल मिलन’ बैठक में तिरंगा लहराकर राजग सांसदों ने किया प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत
11-Aug-2026





