पितृपक्ष मेला-2026: श्रद्धालुओं के लिए पिंडदान और ई-पिंडदान पैकेज, ऑनलाइन बुकिंग शुरू

पटना, एजेंसी। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (बीएसटीडीसी) ने पितृपक्ष मेला-2026 के दौरान गयाजी आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष पिंडदान एवं ई-पिंडदान पर्यटन पैकेज शुरू किए हैं। ये पैकेज 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक उपलब्ध रहेंगे। पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि पैकेजों में पिंडदान अनुष्ठान, धार्मिक स्थलों के दर्शन, परिवहन, आवास, भोजन, पंडा-पुजारी की सेवाएं और पूजन सामग्री एकीकृत रूप से उपलब्ध कराई जाएगी। श्रद्धालु अपनी सुविधा और बजट के अनुसार एक-दिवसीय तथा एक रात्रि-दो दिवसीय पैकेज चुन सकेंगे। विभाग की विज्ञप्ति के अनुसार, इन पैकेजों की ऑनलाइन बुकिंग बीएसटीडीसी की वेबसाइट के माध्यम से की जा सकती है। पिंडदान पैकेज के तहत पुनपुन घाट पर पिंडदान, पिंडदान शुल्क, पूजन सामग्री तथा गयाजी में फल्गु नदी, विष्णुपद मंदिर और अक्षयवट पर पिंडदान की व्यवस्था की गई है। पैकेज में बजट एसी से लेकर तीन सितारा होटल तक आवास और शाकाहारी दोपहर के भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।