जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत आज 10 सितम्बर को राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर, गौतमबुद्धनगर में पिंक रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले का आयोजन सुबह 10 बजे होगा। रोजगार मेले में मैन्यूफैक्चरिंग, वी.पी.ओ./के.पी.ओ., बैंकिंग, फाइनेंस, फिनटेक, ई-कॉमर्स सहित अन्य क्षेत्रों की कंपनियों के प्रतिभाग करने की संभावना है। जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि मेले के माध्यम से जनपद की शिक्षित एवं रोजगार की इच्छुक छात्राओं तथा युवतियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता, कौशल एवं प्रतिभा के अनुरूप रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आई.टी.आई., डिप्लोमा, स्नातक, परास्नातक एवं अन्य शैक्षणिक योग्यताएं रखने वाली इच्छुक बेरोजगार छात्राएं एवं युवतियां प्रतिभाग कर सकेंगी। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। विभिन्न कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों की योग्यता एवं प्रतिभा के आधार पर साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी, जिसके माध्यम से उन्हें रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

जिला सेवायोजन अधिकारी ने इच्छुक छात्राओं एवं युवतियों से अपील की है कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए वे रोजगार संगम पोर्टल पर जॉबसीकर के रूप में अपना पंजीयन अवश्य करा लें। पंजीयन के उपरांत अभ्यर्थी निर्धारित तिथि एवं समय पर राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर में उपस्थित होकर अपनी योग्यता एवं प्रतिभा के अनुरूप विभिन्न कंपनियों में साक्षात्कार दे सकती हैं। उन्होंने बताया कि पंजीयन संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या होने पर अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय, (आर.आई. सेंटर), झुण्डपुरा, सेक्टर-11, नोएडा, गौतमबुद्धनगर से संपर्क कर सकती हैं।





