जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। अमेरिका-ईरान के बीच चल रही तनातनी का पूरी दुनिया पर असर पड़ने लगा है। स्ट्रेट आॅफ होर्मुज पर जहाजों का आवागमन पूरी तरह से बंद है। यही वजह है कि यहां से आने वाले तेल के जहाज जहां के तहां खड़े हुए हैं। तेल नहीं आने के कारण भारत सहित कई देशों पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। पीएम नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से सोना नहीं खरीदने और तेल का कम से कम प्रयोग करने की अपील की थी। दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने गुरुवार को सप्ताह में दो दिन सरकार व निजी कार्यालयों में वर्कफ्रॉम होम लागू कर दिया था।
पिछले कई दिनों से घाटा झेल रहीं तेल कंपनियों ने शुक्रवार को पेट्रोल तथा डीजल पर तीन-तीन रुपये की बढ़ोत्तरी कर दी। इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा। आज से आपको तेल खरीदने के लिए अतिरिक्त दाम देने होंगे। दिल्ली में अब पेट्रोल की कीमत तीन रुपये बढ़कर
97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल की कीमत 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं कोलकाता में पेट्रोल के दाम 3.29 रुपये बढ़कर अब 108.74 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गए हैं। वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमत 3.14 रुपये बढ़कर 106.68 रुपये प्रति लीटर हो गई है। दक्षिण भारत के बड़े शहर चेन्नई की बात करें, तो वहां भी पेट्रोल के दामों में 2.83 रुपये का भारी उछाल आया है और इसकी नई कीमत 103.67 रुपये प्रति लीटर तय कर दी गई है।

कोलकाता शहर में डीजल के दामों में 3.11 रुपये का भारी इजाफा हुआ है। इसके बाद वहां एक लीटर डीजल 95.13 रुपये में बिक रहा है। मुंबई में भी डीजल 3.11 रुपये महंगा होकर 93.14 रुपये प्रति लीटर के ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है। इसके अलावा चेन्नई में डीजल की कीमत 2.86 रुपये बढ़ाई गई है, जिससे वहां डीजल का नया और बढ़ा हुआ रेट अब 95.25 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सीएनजी के दाम 2 रुपये प्रति किलो बढ़ा दिए गए हैं। इस बढ़ोतरी का असर दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे इलाके में दिखाई देगा। कीमत बढ़ने से आॅटो, टैक्सी और निजी वाहनों का खर्च बढ़ेगा, जिसका असर सीधे आम लोगों की जेब पर पड़ेगा।
दिल्ली में सीएनजी की नई कीमत 79.09 रुपये प्रति किलो हो गई है। नोएडा और गाजियाबाद में यह 87.70 रुपये प्रति किलो हो गई है। मुजफ्फरनगर, मेरठ और शामली में सीएनजी की कीमत 87.58 रुपये प्रति किलो हो गई है। गुरुग्राम में यह 84.12 रुपये प्रति किलो हो गई है, जबकि रेवाड़ी में 83.70 रुपये प्रति किलो और करनाल में 83.43 रुपये प्रति किलो नई दर तय की गई है।
बता दें यह हालात तब हैं जब भारत सरकार ने पेट्रोल पर अपना कर शून्य कर दिया है। डीजल पर मात्र 1 रुपये प्रति लीटर रखा है। अगर भारत सरकार अपना टैक्स लगा दे तो करीब 10 से 15 रुपये प्रति लीटर की और भी वृद्धि हो जाती। आप समझ सकते हैं कि देश को होर्मुज नहीं खुलने से कितना बड़ा आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। अगर होर्मुज पर कोई हल नहीं निकला तो संकट और भी बढ़ेगा। लोगों को वाहनों के लिए पेट्रोल-डीजल मिलने में भी समस्या हो सकती है।





