जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। दक्षिण एशिया के दो पड़ोसी देश पाकिस्तान और अफगानिस्तान इस समय युद्ध के मुहाने पर खड़े हैं। अफगान मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान का एक एफ-16 लड़ाकू विमान अफगान वायुसीमा का उल्लंघन करते हुए घुसा जिसे अफगान ने मार गिराया गया। सोशल मीडिया पर जलते हुए विमान का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। साथ ही एक अन्य वीडियो में एक पाकिस्तानी सैनिक को बंदी बनाए जाने का भी दावा किया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स् के अनुसार शुक्रवार तड़के पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल और कंधार में भीषण हवाई हमले किए। इसके प्रत्युत्तर में अफगान बलों ने कई पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। इन हमलों से स्थानीय नागरिकों में व्यापक दहशत का माहौल है।
55 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने का दावा
अफगान रक्षा मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि यह कार्रवाई पाकिस्तान की रविवार की आक्रामकता के प्रतिशोध में की गई। अफगान प्रवक्ता जबहुल्लाह मुजाहिद के अनुसार, अफगान बलों ने 19 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया और दो सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया। कुल मिलाकर 55 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने तथा कई के जीवित पकड़े जाने का दावा किया गया है। अफगानिस्तान ने डूरंड रेखा के समीप बड़े पैमाने पर आक्रामक अभियान आरंभ कर दिया है।

पाकिस्तान का ‘ऑपरेशन गजब-लिल-हक’
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तारर ने अफगानिस्तान के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनके केवल दो सैनिक शहीद हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान के जवाबी प्रहार में 133 अफगान लड़ाके मारे गए और 200 से अधिक घायल हुए हैं। पाकिस्तान का कहना है कि उन्होंने बिना किसी उकसावे के किए गए अफगान हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया है।





