पहलगाम हमले की बरसी पर पीएम मोदी की शहीदों को श्रद्धांजलि

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। कश्मीर के पहलगाम की घटना जहन में आते ही मन में पीड़ा और उन आतंकियों के लिए खून खौल उठता है, जिन्होंने निर्दोष लोगों की जान ली थी। हाथों में मेहंदी लगाए अपने पति के मृत शरीर के पास बेसुध बैठी उस महिला की तस्वीर अभी भी लोगों के दिल और दिमाग से निकली नहीं है। इस घटना को न तो कभी भुलाया जा सकता है और न ही उन आतंकियों की क्रूरता को कभी माफ किया जा सकता है। 


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज ही के दिन पहलगाम में हुए आतंकी हमले पीड़ितों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि भारत किसी भी तरह के आतंक के आगे कभी नहीं झुकेगा। इस घटना में जान गवाने वाले निर्दोषा नागरिकों और जवानों के बलिदान को देश कभी नहीं भूलेगा। अपने संदेश में उन्होंने लिखा कि ‘‘पिछले साल आज ही के दिन पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले में मारे गए बेगुनाह लोगों को याद कर रहा हूं। उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा। मेरी दुआएं उन दुखी परिवारों के साथ भी हैं जो इस नुकसान से उबर रहे हैं। एक देश के तौर पर हम दुख और इरादे में एक साथ खड़े हैं। भारत किसी भी तरह के आतंक के आगे कभी नहीं झुकेगा। आतंकवादियों के घिनौने इरादे कभी कामयाब नहीं होंगे। ’’


बता दें कि आज ही के दिन यानी 22 अप्रैल 2025 को कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकियों ने कायराना हमले को अंजाम दिया था। पहलगाम में अपने परिवार के साथ घूमने गए निहत्थे लोगों को कायरों ने धर्म पूछकर गोलियां चलार्इं थी। आतंकियों ने अपनी मंशा के अनुरूप हिन्दू युवाओं को उनकी पत्नियों के सामने ही मार दिया था। इस घटना ने पूरे भारत को रुला दिया था। वहीं सरकार ने इसके बाद सघन चेकिंग अभियान चलाया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पाकिस्तान को इस करतूत की कीमत चुकाने की बात कही थी। इसके बाद भारतीय सेना की ओर से आॅपरेशन सिंदूर चलाया गया और पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया गया था। यही नहीं पाकिस्तान के हवाई एयरबेसों को नष्ट किया गया था। घबराया पाकिस्तान जब भारत से गिड़गिड़ाया इसके बाद भारत ने हमले रोके लेकिन  तीन दिनों के अंदर ही सैकड़ों आतंकियों को मार गिराया था। 
पहलगाम आतंकी हमले की आज पहली बरसी है। आज जम्मू-कश्मीर में बेसरन घाटी सहित अन्य इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। घाटी में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों का घेरा है और आने-जाने वालों की सख्ती तलाशी ली जा रही है। मंगलवार को अलग-अलग जिलों में उच्च अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते दिखे।