लखनऊ, एजेंसी। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने बुधवार को दावा किया कि समाजवादी पार्टी (सपा) में बड़ी टूट होगी और कई नेता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के लिए भी तैयार हैं। राजभर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में दावा किया कि सपा नेता राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र सौंपा है। हालांकि, उन्होंने कथित पत्र के बारे में कोई विवरण नहीं दिया।
राम गोपाल यादव ने शाह को सौंपा पत्र
राजभर ने कहा, समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी। राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र सौंपा है। उन्होंने पिछले मामलों की जांच का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि सपा पर दबाव बढ़ रहा है। राजभर ने कहा, खनन घोटाले और गोमती रिवर फ्रंट घोटाले का मास्टरमाइंड कौन है, यह पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। जैसे-जैसे शिकंजा कस रहा है, सपा की चिंता बढ़ती जा रही है। उन्होंने दावा किया कि यह स्थिति केवल महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल तक सीमित नहीं है और समूची सपा भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार बैठी है। राजभर उत्तर प्रदेश में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दल सुभासपा के प्रमुख हैं। समाजवादी पार्टी ने फिलहाल उनके दावों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।





