अब भीषण गर्मी मचाएगी तबाही, जिला अस्पताल में तैयारियां तेज

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। नोएडा समेत पूरे एनसीआर में सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं। अचानक बढ़ी इस भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है, जिसका सीधा असर अब अस्पतालों में बढ़ती भीड़ के रूप में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने आगामी एक सप्ताह में 45 डिग्री तापमान पहुंचने की संभावना जताई है। 

गर्मी बढ़ते ही नोएडा के जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में भारी इजाफा हो गया है। हीट वेव यानी लू की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अब पूरी तरह से ‘अलर्ट मोड’ पर है। प्रशासन ने न केवल गर्मी से होने वाली बीमारियों के लिए दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया है, बल्कि डेंगू और मलेरिया जैसी मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए अस्पताल में एक स्पेशल वार्ड भी तैयार कर दिया है।

गौतमबुद्ध नगर के सीएमएस डॉ. अजय राणा ने जनता से सावधानी बरतने की अपील की है। उनका कहना है कि बहुत जरूरी होने पर ही दोपहर में घर से बाहर निकलें। ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थों का सेवन करें और भरपूर पानी पिएं। बाहर निकलते समय सिर को गीले कपड़े से ढकें और आंखों पर काला चश्मा जरूर लगाएं। तबीयत बिगड़ने या घबराहट होने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें।