उत्तर कोरिया तैनात करेगा नई तोपें, निशाने पर होगा दक्षिण कोरिया का खास शहर सियोल

सियोल, एजेंसी। उत्तर कोरिया के शीर्ष नेता किम जोंग उन ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वे इस साल लंबी दूरी की ऐसी नयी तोप प्रणालियां तैनात करेंगे जिसके निशाने पर दक्षिण कोरिया की राजधानी होंगी। यह इस शहर पर हमला करने में सक्षम होगी। वह आने वाले सप्ताहों में अपना पहला नौसैनिक विध्वंसक पोत सेवा में शामिल करेगा। 
दक्षिण कोरिया के बयान पर किया पलटवार

यह घोषणा दक्षिण कोरिया के उस बयान के कुछ दिनों बाद आई है, जिसमें उसने कहा था कि उत्तर कोरिया के हाल में संशोधित संविधान में कोरियाई एकीकरण से जुड़े सभी संदर्भ हटा दिए गए हैं। यह कदम उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन की दक्षिण कोरिया से संबंध समाप्त करने और कोरियाई प्रायद्वीप में द्विराष्ट्र व्यवस्था स्थापित करने की प्रतिबद्धता के अनुरूप है। उत्तर कोरिया की सरकारी कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) ने बताया कि किम ने एक हथियार कारखाने का दौरा किया और 155 मिलीमीटर स्वचालित तोप-होवित्जर के उत्पादन कार्य का निरीक्षण किया। इन तोपों को इस साल दक्षिणी सीमा क्षेत्र में एक तोपखाना इकाई में तैनात किया जाना है। केसीएनए ने किम के हवाले से बताया कि इस उच्च क्षमता वाली राइफल तोप की मारक क्षमता 60 किलोमीटर (37 मील) से अधिक है। किम ने कहा, ह्यह्यमारक क्षमता में इस तरह की तीव्र वृद्धि और उल्लेखनीय सुधार से हमारी सेना के जमीनी अभियानों में बड़ा बदलाव आएगा और उसे लाभ होगा।
सामरिक मिसाइल प्रणालियां होंगे तैनात

किम ने कहा कि विभिन्न अभियानगत और सामरिक मिसाइल प्रणालियां तथा शक्तिशाली बहु-रॉकेट प्रक्षेपण प्रणालियां भी सीमा पर तैनात की जाएंगी। केसीएनए ने बताया कि किम ने बृहस्पतिवार को उत्तर कोरिया के पश्चिमी तट के पास विध्वंसक पोत चो ह्योन पर सवार होकर उसकी संचालन क्षमता की समीक्षा की। किम ने विध्वंसक पोत के परिचालन शुरू करने से संबंधित सभी परीक्षण सुचारू रूप से होने की सराहना की और प्राधिकारियों को निर्धारित समय के अनुसार जून के मध्य में पोत को नौसेना को सौंपने का आदेश दिया। केसीएनए की तस्वीरों में किम की बेटी भी उनके साथ विध्वंसक पोत पर दिखाई दी। वह एक तस्वीर में उस समय अपने पिता के पीछे खड़ी दिखी, जब किम नौसेना के कर्मियों से बात कर रहे थे। एक अन्य तस्वीर में दोनों, पोत के चालक दल के साथ भोजन करते नजर आए। दक्षिण कोरिया की खुफिया सेवा ने पिछले महीने कहा था कि किम की बेटी को उनकी उत्तराधिकारी माना जा सकता है।