डेटिंग एप के माध्यम से करते थे लूट

जन प्रवाद,ब्यूरो।नोएडा। ग्राइंडर डेटिंग एप के माध्यम से धोखाधड़ी एवं लूट करने वाले गैंग का नोएडा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। नोएडा थाना-113 पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन, कार, ज्वैलरी आदि बरामद किया है।

इस बाबत एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त संगठित गैंग बनाकर ऑनलाइन ग्राइंडर गे डेटिंग एप के माध्यम से उनसे संपर्ककरते थे। इसके बाद वे पीड़ित को किसी निर्धारित स्थान पर बुलाते थे। मुलाकात के दौरान वे अपनी कार पर बैठाकर उसे डरा-धमकाकर उसके साथ धोखाधड़ी करते थे और उसके माध्यम से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कराकर पैसे निकलवा लेते थे।  इस तरह से उक्त अभियुक्त लूट की घटना को अंजाम देते थे।

नोएडा थाना-113 पुलिस ने इंटेलिजेंस व इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से धोखाधड़ी करने वाले शिवम झा पुत्र पवन झा, सागर ठाकुर पुत्र मदन ठाकुर, कमल पुत्र प्रताप राम को सेक्टर-76 नोएडा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 30 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, एक कार, एक पीली धातु की चेन एवं दो कार की नंबर प्लेट बरामद की हैं। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।