नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, नौकरी दिलाने के नाम पर करते थे ठगी

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा शहर में लगातार फर्जी कॉल सेंटरों का पुलिस पर्दाफाश करती है, लेकिन फर्जीवाड़ा करने वालों की इस शहर में बाढ़ सी आ गई है। फर्जी कॉल सेंटर चलाकर लोगों से ठगी करने वाले ऐसे ही एक गिरोह का नोएडा थाना-113 पुलिस ने पर्दाफाश किया है। यह गैंग देश-विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी कर रहा था। पुलिस ने छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लैपटाप, मोबाइल आदि बरामद किए हैं। 

एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि थाना-113 पुलिस को मैनुअल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना मिली थी कि एमएस रिक्रूट नामक कंपनी बनाकर लोगों से ठगी की जा रही है। सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की और छह लोगों को धर दबोचा। पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की तो सरीम खान और सोएब खान ने बताया कि वे फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पेड विज्ञापन चलाकर लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देते हैं। नौकरी के लालच में जो लोग उनकी बातों में आ जाते हैं, उनसे वे धीरे-धीरे 40 से 60 हजार रुपये ठग लेते हैं। इसके बाद उन्हें फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी जारी कर देते हैं। सूचना के तहत पुलिस ने नोएडा स्थित एंथूरियम बिजनेस पार्क, सेक्टर-73 में छापेमारी की। इस दौरान वहां पर मौजूद छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में सरीम खान, शोएब खान, रितिका गुप्ता, मन्तसा अब्बासी, इकबाल अहमद, फातिमा एवं खुशबू पुत्री शकूर खां शामिल हैं। 

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि ये लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी विज्ञापन चलाकर क्रूज आदि में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करते थे। अब तक कितने लोगों से ठगी की गई है इसकी फिलहाल जांच की जा रही है। पुलिस ने इनके कब्जे से 7 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 5 मॉनिटर, 5 की बोर्ड, 5 यूपीएस, 4 माउस, 1 राउटर, 2 मोहर, 2 चेकबुक, 2 सिम कार्ड, 1 एटीएम कार्ड तथा अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों को कोर्ट में पेश किया जहां सभी को जेल भेज दिया गया है। 
————————————————————-