जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। जनपद गौतमबुद्धनगर वासियों के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। पीएम नरेन्द्र मोदी जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री आज 11,282 करोड़ की लागत से बने प्रथम चरण के एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। यह प्रोजेक्ट चार चरणों में पूरा किया जाएगा। जिसकी कुल अनुमानित लागत 29,560 करोड़ रुपये है।

पीएम मोदी के आगमन से पूर्व यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, के अलावा कई केंद्रीय और राज्य मंत्री उपस्थित हैं। इसके अलावा यमुना प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा एवं नोएडा प्राधिकरण सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं। यही नहीं सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पीएम मोदी से पूर्व सीएम योगी आदित्यनाथ ने संबोधित किया।

सीएम योगी ने कहा कि जब संकल्प मजबूत हो और आत्मविश्वास अटल हो तो कोई भी कार्य वंचित नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट उस संकल्प को पूरा करने का परिणाम है। यह एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के उज्जवल भविष्य का केंद्र बनेगा। यह युवाओ के लिए रोजगार का भी सृजन करेगा। उन्होंने कहा कि यमुना एक्सप्रेस वे भविष्य में दिल्ली, हरियाणा व एनसीआर को जोड़ेगा। इससे लाखों नौजवानों के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। इसी एयरपोर्ट के पास सेमीकंडक्टर बनाने की योजना बनाई गई थी। इस प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। अपैरल पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, एमएसएमई पार्क सहित तमाम परियोजनाएं यहां संचालित होने वाली है। आगामी दिनों में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो जाएंगी। यहां निवेश के लिए सकारात्मक आवरण बन रहा है। उन्होंने कहा कि कार्गो के शुरू से यूपी अब बहुत आगे निकल गया है।

उन्होंने कहा कि यहां के किसान अन्नदाता का हम आभार व्यक्त करते हैं। पहले किसान तमाम तरह के आंदोलन करते थे, लेकिन उन्होंने बहुत साथ दिया और 13 हजार एकड़ भूमि किसानों ने दी और उसके निर्माण में पूरा सकारात्मक सहयोग किया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्णय भारत, आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश तैयार हो रहा है। उन्होंने कहा कि पांच रनवे इस एयरपोर्ट के साथ जुड़ेंगे। यह एयरपोर्ट ग्लोबल एयरपोर्ट के रूप में अपनी पहचान बनाएगा। उन्होंने पीएम मोदी का अपनी और प्रदेश की जनता की तरह से आभार जताया।





