उत्तर प्रदेश के उदय का प्रतीक है जेवर एयरपोर्ट : पीएम मोदी

जन प्रवाद, संवाद्दाता।
नोएडा। सीएम योगी आदित्यनाथ के संबोधन के बाद पीएम मोदी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का कार्यक्रम भारत की नई भावना को दर्शाता। ऐसे समय में जब पश्चिम एशिया में संघर्ष चल रहा है और भोजन, ईंधन तथा उर्वरक जैसी जरूरी चीजों की कमी के कारण दुनिया चिंतित और परेशान है। भारत पूरी ताकत के साथ इस संकट का सामना कर रहा है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि इसका बोझ आम परिवारों और किसानों पर न पड़े।


पीएम मोदी ने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट विकसित उत्तर प्रदेश के उदय का प्रतीक होगा। नोएडा में बनने वाले इस हवाई अड्डे से आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर और फरीदाबाद जैसे क्षेत्रों को सबसे ज्यादा लाभ मिलेगा। खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों, छोटे उद्योगों और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे। उड़ानों का क्षेत्र भी दुनिया से जोड़ेगा और यह एक विकसित उत्तर प्रदेश के उदय का प्रतीक होगा। उन्होंने कहा कि मैं इस भव्य हवाई अड्डे को लेकर उत्तर प्रदेश के लोगों, विशेष रूप से पश्चिमी यूपी के लोगों को बधाई देता हूं।


पीएम मोदी ने कहा कि मैं जहां तक देख पा रहा हूं मुझे उत्साहित और ऊर्जावान युवा नजर आ रहे हैं। ये युवा जानते हैं कि यह प्रोजेक्ट उनके भविष्य को नई उड़ान देगा। आज हम विकसित यूपी, विकसित भारत अभियान में एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश अब देश के उन राज्यों में से एक बन गया है, जहां सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे विशेष रूप से खुशी है कि जुड़े इस हवाई अड्डे की आधारशिला रखने और इसका उद्घाटन करने का सौभाग्य मिला। जिस राज्य ने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना, अब उसकी पहचान इस भव्य हवाई अड्डे से होगी।


पीएम मोदी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि क्या उद्घाटन हो गया है? नहीं! मैं चाहता हूं कि यहां मौजूद आप सभी लोग इस एयरपोर्ट का उद्घाटन करें। कृपया अपने मोबाइल फोन निकालें, फ्लैशलाइट चालू करें और इस तरह इसका उद्घाटन करें। अपने संबोधन में सीएम योगी सहित खासकर यहां के किसानों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यहां के किसानों का भरपूर सहयोग रहा जिससे आलीशान एयरपोर्ट बनकर तैयार है। आज से यहां उड़ाने शुरू हैं। यहां से दुनियाभर में कहीं भी जाने का मौका मिलेगा।