दो वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दर्जनों बाइक व मोबाइल बरामद

जन प्रवाद, ब्यूरो। नोएडा। नोएडा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर  चोरी किए गए दर्जनों वाहनों को बरामद किया है। नोएडा थाना फेस-1 पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर 12 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, वहीं थाना सेक्टर-24 पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 7 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। 


एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि बुधवार को थाना फेस-1 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना के आधार पर दोपहिया वाहन चोरी करने वाले अभियुक्त आशु डेढा पुत्र सुखबीर सिंह को बर्ड सेंचुरी अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने 10 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी व एक मोटरसाइकिल का चेचिस बरामद किया है।
बरामद मोटरसाइकिल को जब जिप नेट के माध्यम से चेक किया गया तो उक्त मोटरसाइकिल थाना ईस्ट विनोद नगर दिल्ली से चोरी होना पाया गया। इसके अलावा अभियुक्त आशु डेढा की फोटो यूपी पुलिस के यक्ष एप एवं गाण्डीव पोर्टल पर चेक किया गया तो उसके विरुद्ध पूर्व में आपराधिक इतिहास की पुष्टि हुई। पुलिस ने जब पूछताछ की तो पता चला कि वह रेकी कर दिल्ली, गाजियाबाद, एवं नोएडा के आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिलों की चोरी करता है। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को सेक्टरों में खड़ी अन्य गाड़ियों के बीच छिपाकर रख देता था। आवश्यकता पड़ने पर अपनी मजबूरी बताकर चोरी की गई मोटरसाइकिलों को एक-एक करके कबाड़ियों एवं राह चलते व्यक्तियों को बेच देता था। बिक्री से प्राप्त धनराशि को बांटकर अपने शौक एवं मौज-मस्ती में खर्च करता था। 


एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर-24 पुलिस ने दो-पहिया वाहन चोरी व मोबाइल फोन स्नेचिंग करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। उन्होंने बताया कि थाना सेक्टर-24 पुलिस ने सूचना के आधार पर जितेन्द्र पुत्र सतीश चन्द, अरबाज पुत्र शरीफ, अभिषेक शाह पुत्र कृष्णा शाह को सेक्टर-11 स्थित मदर डेयरी के पास गंदे नाले के पुस्ते से गिरफ्तार किया है साथ ही पुलिस ने एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की चार स्कूटी और तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इसके अलावा चोरी और स्नेचिंग किए गए तीन मोबाइल फोन, दो टूटी हुई मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट, 1200 नकद व चार अवैध चाकू बरामद किए गए हैं। पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि हम सभी आपस में मिलकर रेकी करते हैं इसके बाद दिल्ली, नोएडा एवं एनसीआर क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों एवं घरों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल/स्कूटी को मौका पाकर चोरी कर लेते हैं। साथ ही राह चलते व्यक्तियों से मोबाइल फोन छीन लेते हैं। इसके बाद चोरी की गई मोटरसाइकिल/स्कूटी को चोरी-छिपे सेक्टर-54, नोएडा के जंगल, झाड़ियों में छिपाकर खड़ा कर देते हैं। आवश्यकता पड़ने पर मोटरसाइकिल एवं स्कूटी की नंबर प्लेट तोड़कर अपनी मजबूरी बताकर उन्हें राह चलते व्यक्तियों को बेच देते हैं।