जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा थाना सेक्टर-20 पुलिस ने कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने के आरोप में चार महिला सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से मोबाइल फोन आदि सामान बरामद की है। वहीं थाना बीटा-2 पुलिस ने बंद पड़े घरों से चोरी करने वाले अभियुक्त को लाखों की ज्वैलरी के साथ गिरफ्तार किया है।
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि साइबर टीम व थाना सेक्टर-20 पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले दो पुरुष व चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से तीन मोबाइल फोन, 11 फीस बुक, 4 रसीद बुक, 22 प्रचार-प्रसार के पंपलेट व 20 रिक्रूट भरे फार्म बरामद किए हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ बीएनएस व आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में स्वेता सिंह, नीजू यादव, कीर्ति सिंह, पूजा, रूपेश कुमार व आमीर पुत्र मोईनुद्दीन शामिल हैं। ये लोग नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करते थे। इसके बाद उनके फोन नंबर को ब्लॉक कर देते थे। 
डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि थाना बीटा-2 पुलिस ने साहिल पुत्र रज्जाक निवासी अलीगढ़ को गिरफ्तार किया है। साहिल बहुत ही शातिर किस्म का अपराधी है। पहले तो वह बंद पड़े मकानों की मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर रेकी करता है उसके बाद प्लास व चाबियों की मदद से ताले तोड़कर घरों में रखे जेवरात व अन्य कीमती सामान चोरी कर लेता है। यही नहीं रेकी करने के दौरान वह गांजा भी बेचने का काम करता है। पुलिस की पकड़ से दूर रहे इसलिए वह मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट बदल-बदलकर घूमता है। छह जुलाई को उसने अल्का-1 से एवं 11 जुलाई को सिल्वर ऑक्स सोसाइटी से बंद पड़े मकानों से सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी की थी। पुलिस ने उसके पास से 3 सोने की चेन, दो मंगल सूत्र, एक सोने का ब्रेसलेट, दो सोने के पैंडेट, पांच सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने के टोप्स, दो जोड़ी चांदी की पायल, दो फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल, एक प्लास, दो दर्जन तालों की चाबियां व एक किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
लाखों की ज्वैलरी सहित एक गिरफ्तार, नौकरी का झांसा देकर करते थे ठगी
29-Jul-2026





