जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। मंगलवार को सोशल मीडिया पर गोली मारकर हत्या करने का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। बाद में पता चला कि यह वीडियो ग्रेटर नोएडा के लुक्सर गांव का है। पुलिस ने इस घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज किए और एक हत्यारोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार भी कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है। 
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि कल ग्रेटर नोएडा के थाना इकोटेक प्रथम क्षेत्र के अंतर्गत लुक्सर गांव में दिन दहाड़े पुरानी बातों को लेकर कहासुनी हो गई थी। तभी नितिन उर्फफिरे की कुछ लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने हत्यारोपियों की तलाश के लिए चार टीमों का गठन किया। टीम ने घटना में शामिल एक आरोपी मोनू पुत्र सुखवीर निवासी ग्राम लुक्सर को मुठभेड़ के दौरान गिफ्तार किया है। उसके पैर में गोली लगी है जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि इस घटना में शामिल अन्य दो आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बाकी अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयासरत है। 
यह वही वीडियो है जिसमें कुछ बच्चे गांव की सड़क पर खेलते दिखाई दे रहे हैं। वहां पर मौजूद एक व्यक्ति साफ-सफाई करते दिखाई दे रहा है। वहीं पीछे कुछ लोगों में बहसबाजी हो रही है। कुछ ही देर में झगड़ा शुरू हो जाता है। उनमें से एक व्यक्ति तमंचा निकाल लेता है और गोली चलाना शुरू कर देता है। जैसे ही गोली चलती है वहां मौजूद व्यक्ति घबराकर भागने लगता है। वहीं बच्चे भी डर की वजह से इधर-उधर भागने लगते हैं। इस गोलीकांड में नितिन पुत्र फिरे निवासी लुक्सर की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस अब तक तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने एक आरोपी के पास से तमंचा व कारतूस भी बरामद किए हैं।
हत्यारोपी मुठभेड़ में किया गिरफ्तार, लुक्सर निवासी नितिन को मारी थी गोली
25-Feb-2026





