जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा के सेक्टर-108 की डिवाइन मिडोज सोसाइटी की 16वीं मंजिल में रहने वाली एक नवविवाहिता ने छलांग लगा दी। एक माह पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दे दी है।
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि एक माह पहले एक जुलाई 2026 को मृतक की शादी हुई थी। पति और पत्नी अकेले ही फ्लैट में रहते थे। पुलिस को 9 अगस्त को सूचना मिली कि 16वीं मंजिल से एक महिला ने छलांग लगा दी है। सूचना पर तत्काल पुलिस पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उनके मायके वालों को सूचना दी। मौके पर उसका भाई पहुंचा और उसकी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने उसके पति को भी हिरासत में लिया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है। फोरेंसिक एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल, उसके भाई द्वारा दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया गया।






