पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, नोएडा में हत्या मामले में थे वांछित

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा थाना सेक्टर-63 पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दो घायल सहित चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन तमंचा, कारतूस, चाकू व दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। 

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने दिनांक 17 मई को चोटपुर कालोनी में दीपक पुत्र सूरज सिंह को पैसों के विवाद में चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। दीपक की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई थी। इस संबंध में थाना-63 में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।  इस मामले में पुलिस की टीमें लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। 

दिनांक 18 मई को बहलोलपुर अंडरपास से एफएनजी रोड की तरफ ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी दो मोटर साइकिल पर सवार चार व्यक्ति सामने से आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने के बजाय वहां से भागने लगे। पुलिस ने शक होने पर दोनों मोटर साइकिल सवारों का पीछा किया। अपने आप का घिरता देख बाइक सवारों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर करना शुरू कर दिया। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ कार्रवाही में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल बदमाशों की पहचान अमन पुत्र वीर सिंह निवासी बुलंदशहर और संदीप कुमार पुत्र संजय सिंह निवासी बुलंदशहर के रूप में हुई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा मौके से फरार हुए दो बालअपचारियों को पुलिस ने कांबिंग के दौरान पुलिस अभिरक्षा में लिया।