गोली लगने से चार बदमाश घायल, नोएडा में ताबड़तोड़ हॉफ एनकाउंटर 

जन प्रवाद, ब्यूरो। नोएडा।

जनपद गौतमबुद्धनगर पुलिस इन दिनों ताबड़तोड़ कार्रवाई में जुटी हुई है। कल जहां पुलिस ने तीन हॉफ एनकाउंटर किए, वहीं बुधवार सुबह जारचा पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी है। घायलावस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार थाना जारचा पुलिस बुलंदशहर बॉर्डर स्थित समाना नहर के पास चेकिंग कर रही थी। तभी सामने से एक बाइक आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने पुलिस को देखते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने जब उसका पीछा किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षा की कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी जिससे वह घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान शहजाद पुत्र अकबर निवासी कलौंदा जारचा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस व एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ दर्जनों मामले दर्ज हैं। 

वहीं दादरी पुलिस ने 25 मई की रात में एक अभियुक्त को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस व एक वैगनआर कार बरामद की थी। जबकि, अंधेरे का फायदा उठाकर उसके दो अन्य साथी फरार हो गए थे। गिरफ्तार बदमाश ने 20 मई को रात्रि में सादा वस्त्रों में अपने घर जा रहे पुलिस कर्मी को सवारी ले जाने के बहाने अपनी कार में बैठाया था। इसके बाद अपने साथियों के साथ मिलकर लूटपाट की। सिपाही ने इसकी सूचना तुरंत दादरी पुलिस को दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगा दी थीं। 
डॉक्टर प्रवीण रंजन, डीसीपी ग्रेटर नोएडा

इसके साथ ही ग्रेटर नोएडा स्थित नॉलेज पार्क पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने सेक्टर-148 मेट्रो लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते से अभिषेक उर्फ मोना पुत्र चतर सिंह को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद किया है। घायलावस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि गिरफ्तार अभियुक्त ने ग्रेटर नोएडा स्थित तुगलपुर गांव में मनोरंजन शर्मा नामक किन्नर की हत्या की थी। तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

इसके साथ ही नोएडा थाना फेस-1 पुलिस ने हरनाम सिंह पुत्र माखनलाल निवासी बरेली को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे सेक्टर-14 गंदे नाले की पटरी नोएडा से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त ने बीते 24 मई को रात्रि में सुरेंद्र शर्मा पुत्र नंदलाल, उनकी पत्नी संजू देवी व दो पुत्रियों पर सोते समय धारदार हथियार से वार किया था। इस घटना में उक्त सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान सुरेंद्र की पत्नी संजू देवी की मौत हो गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर अभियुक्त पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 
एडीसीपी मनीषा सिंह