डिजिटल अरेस्ट कर 2.10 करोड़ की ठगी, नोएडा साइबर पुलिस ने एक अभियुक्त दबोचा

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा साइबर थाना पुलिस ने 2.10 करोड़ रुपये की डिजिटल अरेस्ट कर की गई ठगी के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के बैंक खाता का साइबर ठगों ने इस्तेमाल किया था। ठगी का मामला बीते 10 अप्रैल का है। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि बीते 10 अप्रैल को अज्ञात साइबर अपराधियों ने एनआईए पुणे का अधिकारी बताकर वादी को भ्रमित किया और उसके आधार कार्ड से संचालित बैंक खातों के टेरर फंडिंग में प्रयुक्त होने की झूठी खबर देकर गिरफ्तारी का भय दिखाया। अपराधियों ने व्हाट्सएप के माध्यम से आरबीआई के नराम से फर्जी पत्र एवं वारंट भेजकर वादी से दो करोड़ 10 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी कर ली।

इसके बाद जब उसके समझ में आया कि उसके साथ ठगी हुई है तो उसने थाना साइबर क्राइम पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया। इस मामले में पूर्व में भी दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने साइबर ठगी में प्रयुक्त बैंक खाते के धारक अभियुक्त अमन कुमार पुत्र संजय कुमार निवासी चरखी दादरी, हरियाणा को गिरफ्तार किया गया।
जांच में पाया गया कि अभियुक्त के बैंक खाते में उक्त साइबर धोखाधड़ी से संबंधित 2.20 लाख रुपये प्राप्त हुए थे। अभियुक्त के बैंक खाते का उपयोग साइबर अपराधियों द्वारा धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि के लेन-देन के लिए किया। अभियुक्तों के संयुक्त बैंक खातों में देश के विभिन्न राज्यों उत्तर प्रदेश में एक, केरल में एक, राजस्थान में एक, गुजरात में एक, कर्नाटक में एक तथा महाराष्ट्र में शिकायते दर्ज हैं।