नोएडा/ ग्रेटर नोएडा पुलिस को बड़ी कामयाबी, अलग-अगल मुठभेड़ों में कई आरोपी गिरफ्तार

जनप्रवाद संवाददाता, नोएडा।  गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में हुई अलग-अलग मुठभेड़ों के दौरान तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों हत्या और लूट जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, वाहन और घटना में प्रयुक्त सामान बरामद किया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

थाना नॉलेज पार्क पुलिस व बदमाश में मुठभेड़ 

ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के तुगलपुर गांव में किन्नर मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी का शव प्राप्त होने के बाद पुलिस ने त्वरीत कार्रवाई की। इस मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मंगलवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया था। जिसके जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक उर्फ मोना उर्फ मानव निवासी गांव तालिम नगर थाना हरदुआगंज जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है। वर्तमान में वह तुगलपुर गांव में रह रहा था। आरोपी की उम्र करीब 26 वर्ष है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। हत्या के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। 
——
थाना दादरी पुलिस को बड़ी कामयाबी

वहीं डीसीपी  ग्रेटर नोएडा प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें लूट के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि 20-21 तारीख की रात आरोपी ने सादा कपड़ों में घर जा रहे एक पुलिसकर्मी को कार में लिफ्ट देने के बहाने बैठाया और अपने साथियों के साथ मिलकर उससे लूटपाट की थी। घटना के बाद थाना दादरी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया था। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपी रंजीत कुमार पुत्र रामसेवक निवासी ग्राम जिटोली, थाना निधौली कलां, एटा को पेरिफेरल अंडरपास के पास चिटहरा नहर के निकट से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद की है। घायल आरोपी को अस्पताल भेजा गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। वहीं उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
——
थाना फेस-1 पुलिस के साथ मुठभेड़ में हत्यारोपी गिरफ्तार

थाना फेस-वन क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के संबंध में एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि तीन दिन पहले हरौला गांव में रात के समय आरोपी ने सुरेंद्र शर्मा, उनकी पत्नी संजू देवी और उनकी दो पुत्रियों पर सोते समय धारदार हथियार से हमला कर दिया था। हमले में सभी घायल हो गए थे, जबकि उपचार के दौरान संजू देवी की मृत्यु हो गई थी। थाना फेस-1 पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया था। आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार, घटना को अंजाम देने वाले आरोपी हरनाम सिंह पुत्र माखन लाल निवासी ग्राम मगरासा, थाना भूता, बरेली और वर्तमान निवासी हरौला नोएडा को सेक्टर-14 स्थित गंदे नाले की पटरी के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त छुरा, एक तमंचा और एक स्कूटी बरामद की गई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।