नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कर्मचारी सड़कों पर, सेक्टर-62 से NH-9 तक लगाया जाम, लोगों को हुई परेशानी 

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा:  उत्तर प्रदेश की आर्थिक राजधानी नोएडा में इन दिनों कंपनियों के कर्मचारी वेतन वृद्धि की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सैलरी 13 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये करना, ओवरटाइम का भुगतान और छुट्टियों का अलग प्रावधान शामिल है।  सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया और कई जगह गाड़ियों के आगे लेटकर यातायात रोक दिया। कुलेसरा से फेस-2 तक मार्च निकालते हुए कर्मचारी एकत्र हुए। मार्च के दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा रहा। इसके अलावा सेक्टर 60 में भी कर्मचारियों ने रोड जाम कर नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के कारण नोएडा के कई इलाकों में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा और कई लोग अपने गंतव्यों तक समय पर नहीं पहुंच पाए। खासकर दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

डीएम की मौजूदगी में बैठक
श्रमिक आदोलन के बीच रविवार को नोएडा प्राधिकरण के सभागार में डीएम मेधा रूपम की मौजूदगी में अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें श्रमिकों के हित में कई फैसले लिए गए। नोएडा प्राधिकरण के सभागार में हुई बैठक में नोएडा सीईओ कृष्णा करुणेश, डीएम मेधा रूपम और पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह मौजूद थीं। बैठक में प्रमुख सचिव श्रम एमकेएस सुंदरम और श्रमायुक्त उत्तर प्रदेश मार्कंडेय शाही ने वर्चुअल रूप से भाग लिया।

प्रमुख सचिव ने भी दिए आदेश
प्रमुख सचिव ने आदेश दिए कि सभी श्रमिकों को नियमानुसार बोनस का भुगतान अधिकतम 30 नवंबर तक उनके खातों में कराया जाए। प्रत्येक कारखाने में कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से कार्रवाई हो। डीएम ने प्रदर्शन को देखते हुए सेक्टर, जोनल और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की है। कुछ संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां विशेष रूप से अधिकारियों को तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने भी थाना फेस-2 में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है।