जन प्रवाद, ब्यूरो।
गौतमबुद्धनगर। गौतमबुद्धनगर जिला पंचायत अध्यक्ष को शासन के अनुपालन में जिला पंचायत का प्रशासन नियुक्त किया गया है। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने उन्हें विधिवत प्रशासन का कार्यभार ग्रहण कराया। वहीं अपर मुख्य अधिकारी प्रियंका चतुर्वेदी ने कार्यभार ग्रहण की सभी प्रशासनिक एवं वैधानिक कार्रवाई संपन्न कराई। बता दें कि उत्तर प्रदेश शासन के पंचायतीराज अनुभार-2 द्वारा निर्गत शासनादेश के अनुपाल में जिला पंचायत गौतमबुद्धनगर के निर्वाचित बोर्ड का पांच साल का कार्यकाल पूर्ण होने के बाद आगामी जिला पंचायत के सामान्य निर्वाचन संपन्न होने या शासन द्वारा निर्धारित अवधि के लिए यह नियुक्ति दी गई है।
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत प्रशासक अमित कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन ने उन पर विश्वास करते हुए जो जिम्मेदारी दी गई है उसे वह पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत के माध्यम से संचालित समस्त विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की निरंतरता बनाए रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छ एवं उत्तरदायी प्रशासन तथा जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।

जिला पंचायत प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासक के नेतृत्व में विकास कार्यों की गति निरंतर बनी रहेगी और शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीण विकास, आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही जनसामान्य को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी। यह जानकारी अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत गौतमबुद्धनगर प्रियंका चतुवेर्दी द्वारा दी गई।





