जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। शारदीय नवरात्रि पर शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो इसको लेकर जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन अलर्ट हो गया है। विभाग की ओर से लगातार नमूने लिए जा रहे हैं और दूषित खाद्य पदार्थ को नष्ट करने का काम किया जा रहा है।
गौतमबुद्धनगर जनपद के सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि बुधवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया।
इसके तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल, विशाल कुमार गुप्ता, रविंद्र नाथ वर्मा एवं रितु सक्सेना की टीम ने जगह-जगह छापेमारी की। नई बस्ती दादरी स्थित आॅनलाइन प्लेटफॉर्म कंपनी कम्युनिटी प्राइवेट लिमिटेड (सिटी मॉल) पर छापा मारकर अवतार ब्रांड घी का एक नमूना, गाय के घी का एक नमूना, मिर्च पाउडर का एक नमूना, मखाना का एक नमूना, सरसों का तेल का एक नमूना एवं कुट्टू आटा का एक नमूना लिया गया। अवशेष लगभग 240 लीटर घी भ्रामक सूचनाएं (घी में विटामिन एवं मिनरल्स होना अंकित होने के कारण) उसे सीज कर दिया गया। साथ ही करीब 18 किग्रा मिर्च पाउडर पर पैकिंग तिथि, बैच नंबर आदि अंकित न होने व मिथ्याछाप होने के कारण सीज किया गया। इसी प्रकार कुल 06 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
उन्होंने समस्त खाद्य सामग्री विक्रेताओं को हिदायत दी गई है कि प्रकार की खाद्य सामिग्री खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत लाइसेंसी एवं पंजीकृत आपूर्तिकर्ता से सामान खरीदें। साथ ही खरीद बिल अवश्य लें जिस पर निर्माण तिथि व बैच नंबर अंकित हो।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि आगे भी इसी प्रकार से जिलाधिकारी के निर्देशन में जांच अभियान संचालित रहेगा। नमूने संग्रहित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनपद वासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो सके।





