जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। ओमान तट पर भारतीय जहाज पर हमले और पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी के बीच दो अच्छी खबरें सामने आई हैं। ये खबरें ईरान और रूस ने दी हैं। एक ओर जहां ईरान ने भारत को अपना सच्चा दोस्त बताते हुए स्ट्रेट आॅफ होर्मुज में विशेष रियायत देने का ऐलान किया है। वहीं रूस ने भी तेल सप्लाई जारी रखने का वादा किया है।
जहाज पर हुआ मिसाइल हमला
ओमान तट के पास एक भारतीय ध्वज वाले जहाज पर हुए मिसाइल हमले को लेकर भारत ने कड़ी नाराजगी जताई है। विदेश मंत्रालय ने इस घटना को अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार और सिविलियन नाविकों को निशाना बनाना किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब स्ट्रेट आॅफ होर्मुज और आसपास के अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ा हुआ है। अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम भले ही फिलहाल लागू हो, लेकिन दोनों देशों के बीच समझौते को लेकर स्थिति अभी भी बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है। ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जंग का असर अब सीधे-सीधे भारत पर पड़ रहा है। आज सुबह पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ गए। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन-तीन रुपए की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में अब पेट्रोल 97.77 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं डीजल की कीमत अब 99.67 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है।
अंतराष्ट्ररीय संकट के बीच बड़ी खबरें
अंतराष्ट्ररीय संकट के बीच भारत के लिए दो अच्छी खबरें सामने आई हैं। ईरान ने दोस्त भारत को होर्मुज में स्पेशल आॅफर दिया है। ईरान ने स्ट्रेट आॅफ होर्मुज में विशेष रियायत देने का ऐलान किया है। नई दिल्ली पहुंचे ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने साफ किया कि जहां दुनिया के बाकी देशों के लिए नियम कड़े किए जा रहे हैं, वहीं भारत से जुड़े जहाजों को सुरक्षित रास्ता देने के लिए तेहरान विशेष प्राथमिकता देगा। गरीबाबादी ने आगे कहा कि भारत हमारे लिए एक दोस्त देश है। हमने अब तक 11 जहाजों को अनुमति दी है। कुछ और जहाजों को अनुमति देने पर भी काम चल रहा है। यह सुविधा किसी और देश को नहीं दी गई है। भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार अब तक 11 भारतीय जहाज होर्मुज से गुजर चुके हैं। वहीं जबकि 13 जहाज अभी भी फारस की खाड़ी में फंसे हुए हैं। आगे की मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं। ईरानी मंत्री ने कहा कि ईरान, स्ट्रेट आॅफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर कुछ शुल्क लगाने की योजना बना रहा है। यह शुल्क अलग-अलग मानकों के आधार पर तय किया जाएगा।
दुनिया भर में जारी एनर्जी संकट
दुनिया भर में जारी एनर्जी संकट और पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों के बीच रूस ने भारत को सबसे बड़ा आश्वासन दिया है। नई दिल्ली में चल रही ब्रिक्स देशों की बैठक के लिए दिल्ली आए पुतिन के सबसे करीबी और रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने यह बयान दिया है। उन्होंने कहा कि रूस के हर कोने में भारत के प्रति प्यार दिखता है। हमारी दोस्ती को कोई एक शब्द बयां नहीं कर सकता। लावरोव ने कहा कि चाहे कितनी भी बेईमान कॉम्पिटिशन हो या बाहरी दबाव, भारत को होने वाली तेल, गैस और कोयले की सप्लाई में एक रत्ती भर की भी कमी नहीं आने दी जाएगी। उनके इस बयान से जाहिर है कि दुनिया में भले ही हाहाकार मच जाए लेकिन रूस और भारत मिलकर दोस्ती की ऐसी मिसाल पेश करेंगे कि देखने वाले हैरान रह जाएंगे। लावरोव ने उन ताकतों को भी आड़े हाथों लिया जो भारत और रूस के बीच दरार पैदा करने की फिराक में रहते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ देश अपने नियम दूसरों पर थोपना चाहते हैं और भारत-रूस की दोस्ती को कमजोर करने के लिए बंद दरवाजे वाली कूटनीति कर रहे हैं, उन्हें ये जान लेना चाहिए कि भारत इन चालों को बखूबी समझता है। यही वजह है कि उनकी हर साजिश नाकाम हो रही है। बता दें कि लावरोव का दिल्ली दौरा सामान्य नहीं है। ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान रूस और भारत बड़े समझौतों की नींव भी रख सकते हैं।





