नई दिल्ली, एजेंसी। जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार के एक दिन बाद मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिले। प्रधानमंत्री के साथ नीतीश की मुलाकात के दौरान जदयू नेता एवं केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य संजय कुमार झा भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार जी ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। नीतीश ने कहा कि उन्होंने यहां संसद भवन परिसर में प्रधानमंत्री के कार्यालय में उनसे शिष्टाचार भेंट की। भाजपा का गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव इसलिए कराना पड़ा, क्योंकि नितिन नवीन के पार्टी अध्यक्ष का पद संभालने और फिर राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद यह सीट खाली हो गई थी। बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 19,324 मतों के अंतर से हराया। दस बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश ने इस साल अप्रैल में इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद राज्य में पहली बार एक भाजपा नेता (सम्राट चौधरी) ने सरकार की कमान संभाली। बिहार में भाजपा और जदयू सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा हैं।
बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों के एक दिन बाद प्रधानमंत्री मोदी से मिले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
04-Aug-2026





