जन प्रवाद, ब्यूरो। बिजनौर। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में गजरौला स्थित एक होटल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को आवास की चाभी सौंपी गई। बतौर मुख्य अतिथि मौजूद विधायक राजीव तरारा ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और लाभार्थियों को चाबी सौंपी। 
इस अवसर पर विधायक राजीव तरारा ने लाभार्थियों को आवास की चाभी सौंपते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अराजकता का माहौल था और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित रहते थे। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में सरकारी नौकरियों में बोली लगती थी, लेकिन वर्तमान सरकार में योग्यता के आधार पर नौकरी मिल रही है।

विधायक ने अपने कार्यकाल के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि क्षेत्र में सड़कों का चौड़ीकरण कराया गया है और चकनवाला के सामने बाह नाले पर पक्का पुल बनाकर खादर क्षेत्र के करीब डेढ़ दर्जन गांवों की आवाजाही आसान की गई है। तिगरी में पक्के स्नान घाट का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की बात भी कही गई। साथ ही बछरायूं में पूर्व में शुरू हुए पशुवधशाला को बंद कराने का भी उल्लेख किया गया।






