ये है भारत की सबसे लंबी दूरी तय करने वाली ट्रेन, 4 दिनों में करती है इतने किलोमीटर का सफर

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: भारतीय रेलवे हर दिन लाखों यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाती है। यह नेटवर्क देश को कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक जोड़ता है और दुनिया का चौथा सबसे बड़ा रेल नेटवर्क माना जाता है। भारतीय रेलवे के जरिए लोग लंबी से लंबी दूरी आसानी से तय कर लेते हैं लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में सबसे लंबा सफर तय करने वाली ट्रेन कौन सी है? इस सवाल का जवाब है विवेक एक्सप्रेस (Vivek Express)। यह ट्रेन करीब 4,189 किलोमीटर की दूरी तय करती है और लगभग 3 से 4 दिन में अपनी मंजिल तक पहुंचती है।

कब और क्यों शुरू हुई विवेक एक्सप्रेस?
विवेक एक्सप्रेस की घोषणा साल 2011-12 के रेल बजट में की गई थी। यह ट्रेन स्वामी विवेकानंद के 150वें जन्मदिवस के अवसर पर शुरू की गई थी, इसलिए इसका नाम विवेक एक्सप्रेस रखा गया। यह ट्रेन असम के डिब्रूगढ़ से चलकर तमिलनाडु के कन्याकुमारी तक जाती है। लंबी दूरी तय करने के मामले में यह भारत की नंबर-1 ट्रेन है। विश्व स्तर पर भी यह लंबी दूरी तय करने वाली ट्रेनों में प्रमुख स्थान रखती है। 

कितनी दूरी और कितना समय?
विवेक एक्सप्रेस डिब्रूगढ़ से कन्याकुमारी के बीच कुल 4,189 किलोमीटर का सफर तय करती है। इस यात्रा को पूरा करने में इसे लगभग 74 घंटे 10 मिनट यानी करीब 3 से 4 दिन का समय लगता है। यह ट्रेन अपने पूरे सफर के दौरान 59 स्टेशनों पर रुकती है। यह ट्रेन उत्तर-पूर्वी भारत को सीधे दक्षिण भारत से जोड़ने का काम करती है, जो इसे और भी खास बनाता है। 

किन-किन राज्यों से होकर गुजरती है विवेक एक्सप्रेस?
अपने लंबे सफर में विवेक एक्सप्रेस कुल 9 राज्यों से होकर गुजरती है। इनमें असम, नागालैंड, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु शामिल हैं। इस तरह यह ट्रेन देश के अलग-अलग हिस्सों को एक मजबूत रेल कनेक्शन से जोड़ती है। 

क्या है ट्रेन का शेड्यूल और कोच व्यवस्था?
डिब्रूगढ़–कन्याकुमारी विवेक एक्सप्रेस हफ्ते में दो दिन, मंगलवार और शनिवार को चलती है। ट्रेन नंबर 22503 और 22504 के रूप में यह दोनों दिशाओं में सेवा देती है। इस ट्रेन में कुल 20 कोच होते हैं. इनमें 8 AC कोच, 7 स्लीपर क्लास और 4 जनरल कोच शामिल हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें पैंट्री कार भी उपलब्ध है। यह ट्रेन डिब्रूगढ़ से शाम 7 बजकर 35 मिनट पर रवाना होती है और करीब 74 घंटे 10 मिनट बाद रात 9:45 बजे कन्याकुमारी पहुंचती है।