जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं। उन्होंने 92 साल की उम्र में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। एक दिन पहले ही उन्हें सीने में इंफेक्शन की शिकायत के चलते ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने मीडिया को बताया कि मां नहीं रहीं, सोमवार को सुबह 11 बजे से लोग उनका अंतिम दर्शन कर सकेंगे और शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार होगा। नियति देखिए...आशा भोसले और बड़ी बहन लता मंगेशकर के निधन की उम्र एक ही है। लता मंगेशकर ने 6 फरवरी 2022 को 92 साल की उम्र में अंतिम सांस ली थी तो वहीं आशा भोसले ने भी 92 साल की उम्र ही इस दुनिया को अलविदा कह दिया। दोनों ने एक ही दिन यानी रविवार को ही इस जग को अलविदा कहा था।
आशा ताई के निधन पर पूरा देश, पूरा बॉलीवुड शोकाकुल है। बॉलीवुड के तमाम सेलेब्स ने आशा ताई के निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने रविवार को ओडिशा के पुरी बीच पर एक भव्य रेत की मूर्ति बनाकर दिग्गज गायिका आशा भोसले को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस रेत की मूर्ति पर एक मार्मिक संदेश अंकित है, 'आशा ताई को श्रद्धांजलि—आपकी आवाज हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेगी।' इसके अलावा प्रियंका चोपड़ा ने दिवंगत पार्श्व गायिका आशा भोसले को एक भावुक श्रद्धांजलि दी है। अभिनेत्री ने रविवार को अपने इंस्टाग्राम पर दिवंगत गायिका के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर साझा की। उन्होंने कैप्शन में एक लंबा नोट भी लिखा जिसमें उन्होंने भारत के संगीत जगत, कई पीढ़ियों और संस्कृति पर दिवंगत गायिका के प्रभाव के बारे में बात की।

आज किया जाएगा अंतिम संस्कार
आशा भोसले का अंतिम संस्कार आज, 13 अप्रैल को शाम 4 बजे शिवाजी पार्क श्मशान घाट में होगा जहां उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और कई राजनीतिक नेताओं और फिल्म जगत की हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है, उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है और फिल्म एवं संगीत जगत से श्रद्धांजलि का तांता लगा हुआ है।





