विवादों में घिरी सिंगर जैस्मीन सैंडल्स, रिकॉर्डेड ट्रैक पर लिप-सिंक करने के लिए लगे आरोप 

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली:  सिंगर जैस्मीन सैंडल्स विवादों में घिरती नजर आ रही है। हाल ही में गुजरात के अहमदाबाद में हुए उनके कॉन्सर्ट में जैस्मीन की हरकतों को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें जमकर ट्रोल किया। लोगों ने सैंडल्स पर लाइव गाने के बजाय पहले से रिकॉर्डेड ट्रैक पर लिप-सिंक करने का आरोप लगाया। 

दरअसल, इस कॉन्सर्ट को लेकर फैंस में काफी उत्साह था। लोग ‘शरारत’ और ‘जाइए सजना’ जैसे लोकप्रिय गानों को लाइव सुनने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे थे। लेकिन परफॉर्मेंस के दौरान कई लोगों ने आरोप लगाया कि जैस्मीन सैंडलस रिकॉर्डेड ट्रैक पर लिप-सिंक कर रही थी। जहां कुछ फैंस ने कॉन्सर्ट का आनंद लिया, वहीं बड़ी संख्या में यूजर्स ने नाराजगी जताई। कई लोगों ने सवाल उठाया कि जब टिकट लेकर लाइव कॉन्सर्ट देखने आए हैं, तो असली लाइव सिंगिंग क्यों नहीं मिल रही।

सोशल मीडिया पर कमेंट्स में “लिप-सिंक क्यों?”, “यह असली परफॉर्मेंस नहीं है” और “फैंस को ठगा गया” जैसी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ यूजर्स ने तो उनकी सिंगिंग क्षमता पर भी सवाल खड़े कर दिए। हालांकि इस पूरे विवाद पर अब तक जैस्मीन सैंडलस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

परफॉर्मेंस के दौरान खुद पर डाला पानी
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा गया कि वह लहंगा-चोली पहनकर ‘शरारत’ गाने पर परफॉर्म कर रही हैं, लेकिन उनकी आवाज लाइव नहीं लग रही। इसी दौरान वह स्टेज पर बोतल से खुद पर पानी डालते हुए डांस करती भी नजर आईं, जिसे कुछ दर्शकों ने एंटरटेनिंग माना, लेकिन कई लोगों ने इसे “ओवरड्रामैटिक” करार दिया।