जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव का असर अब हवाई यात्रा पर दिखने लगा है। इंडिगो ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए ईंधन शुल्क यानी फ्यूल सरचार्ज में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। 2 अप्रैल 2026 की रात 12:01 बजे के बाद की गई सभी नई बुकिंग्स पर ये नए दाम लागू हो गए हैं। इसका मतलब है कि अब आपको अपनी हवाई यात्रा के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। आइए जानते हैं कि इस फैसले के बाद आपके पसंदीदा शहरों का सफर कितना महंगा हो गया है।
क्यों बढ़े अचानक टिकट के दाम?
हवाई ईंधन (ATF) की कीमतों में वैश्विक स्तर पर भारी उछाल आया है। डेटा के अनुसार इस क्षेत्र में ईंधन की कीमतों में महीने-दर-महीने 130% से ज्यादा की वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि नागरिक उड्डयन मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद एयरलाइंस ने फिलहाल केवल 25 प्रतिशत की आंशिक बढ़ोतरी ही लागू की है ताकि यात्रियों पर बोझ थोड़ा कम रहे।
घरेलू उड़ानों के लिए ईंधन शुल्क
0 - 500 किमी : ₹275
501 - 1,000 किमी : ₹400
1001 - 1500 किमी : ₹600
1501 - 2000 किमी : ₹800
2000 किमी से अधिक : ₹950

दिल्ली से प्रमुख शहरों तक जाना अब कितना महंगा?
दिल्ली से लखनऊ: ₹275 एक्स्ट्रा
दिल्ली से भोपाल/इंदौर/अहमदाबाद: ₹400 एक्स्ट्रा
दिल्ली से मुंबई/कोलकाता: ₹600 एक्स्ट्रा
दिल्ली से बेंगलुरु/हैदराबाद: ₹800 एक्स्ट्रा
दिल्ली से चेन्नई: ₹950 एक्स्ट्रा
क्या कहा इंडिगो ने
इंडिगो ने एक बयान में कहा कि इंडिगो ने अलग-अलग यात्रा दूरियों के हिसाब से अपने घरेलू ईंधन शुल्क को फिर से निर्धारित किया है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के मामले में, दूरी के आधार पर ईंधन शुल्क 900 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक होगा। बयान में कहा गया कि अंतरराष्ट्रीय परिचालन के लिए पिछले महीने में एटीएफ की कीमतें दोगुनी से अधिक हो गई हैं जिसके चलते इन मार्गों पर एयरलाइन की परिचालन लागत पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ा है। ये संशोधित शुल्क दो अप्रैल को रात 00:01 बजे से लागू होंगे।





