जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: भारतीय रेलवे की प्रीमियम ट्रेन 'वंदे भारत' में खान-पान की गुणवत्ता से खिलवाड़ करना अब वेंडर को भारी पड़ गया है। पटना-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस में खराब दही परोसे जाने की एक शिकायत ने ऐसा तूफान खड़ा किया कि रेलवे ने अपनी ही कंपनी IRCTC पर 10 लाख और कैटरिंग ठेकेदार पर 50 लाख रुपये का जुर्माना ठोक दिया। इतना ही नहीं देश की दिग्गज डेयरी कंपनी 'अमूल' को भी इस लापरवाही के लिए जवाबदेही के कटघरे में खड़ा किया गया है। IRCTC ने अमूल को नोटिस भेजा है। ट्रेन में परोसे गए अमूल दही की गुणवत्ता को लेकर यात्री ने शिकायत की थी। यह शिकायत 15 मार्च को दर्ज की गई थी। मामले को IRCTC ने गंभीरता से लिया और IRCTC ने अमूल से जवाब मांगा।
कैटरिंग ठेकेदार का लाइसेंस रद्द, जुर्माना भी लगाया
जानकारी के अनुसार इस शिकायत पर IRCTC ने ट्रेन के लाइसेंसी कैटरिंग ठेकेदार पर भारी जुर्माना लगाया। लाइसेंसी का कॉन्ट्रैक्ट समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही लाइसेंसी को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जा रही है।

रेलवे ने IRCTC पर ठोका था जुर्माना
वहीं अब IRCTC ने अमूल कंपनी को स्पष्टीकरण देने के लिए बुलाया है। रेलवे ने दही की गुणवत्ता को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है। इस मामले में भारतीय रेलवे ने पहले ही बड़ी कार्रवाई की थी। रेलवे ने अपनी ही कंपनी IRCTC पर शिकंजा कसते हुए 10 लाख का जुर्माना ठोका था। रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए करवाई की थी वहीं IRCTC ने वंदे भारत एक्सप्रेस में खाना परोसने वाली कंपनी पर भी रेलवे ने 50 लाख का जुर्माना लगाया था। रेलवे ने कंपनी के कॉन्ट्रैक्ट टर्मिनेशन के भी आदेश दिए थे।
क्या था पूरा मामला
बीते 15 मार्च को पटना से टाटानगर जा रही वंदे भारत ट्रेन में एक यात्री को खाना दिया गया। खाने में दाल और दही में कीड़े निकले। यात्री ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया औक उसके बाद रेलवे को वीडियो पर कार्रवाई करनी पड़ी।





