आईआईटी बाबा उर्फ अभय सिंह ने की शादी, महाकुंभ से वायरल हुए थे अभय सिंह 

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली:  महाकुंभ से वायरल हुए आईआईटी बाबा उर्फ अभय सिंह ने शादी कर ली है। इस बात का खुलासा तब हुआ जब वह अपने हरियाणा के झज्जर स्थित अपने पिता के चैंबर में पत्नी के साथ पहुंचे। आईआईटी बाबा यानी अभय सिंह ने बातचीत में बताया कि उन्होंने 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन दिन पर हिमाचल के अघंजर महादेव मंदिर में शादी की थी। इसके बाद 19 फरवरी को दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की। वह और उनकी पत्नी अपनी नई जिंदगी से बेहद खुश हैं और फिलहाल सादगीपूर्ण जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी प्रतीका, मूल रूप से कर्नाटक की रहने वाली हैं और वह भी इंजीनियर हैं। शादी के बाद दोनों फिलहाल धर्मशाला, हिमाचल प्रदेश में रह रहे हैं। सोमवार को वे झज्जर में अपने परिवार और माता-पिता से मिलने पहुंचे थे।

 

अभय सिंह भगवा वस्त्रों में अपने पिता के चैंबर में पहुंचे, जहां उन्होंने पुरानी यादों को साझा किया। उन्होंने बताया कि आध्यात्मिकता की ओर रुझान होने से पहले वह अक्सर अपने पिता के चैंबर में बैठकर कानूनी एप्लीकेशन और केस स्टडी देखा करते थे। उन्होंने कहा कि जिंदगी के अर्थ की तलाश ने उन्हें विज्ञान और तकनीक की दुनिया से आध्यात्म की ओर मोड़ दिया। उनकी पत्नी प्रतीका ने कहा कि अभय बेहद सरल, ईमानदार और सच्चे इंसान हैं। उन्होंने बताया कि दोनों की मुलाकात करीब एक साल पहले हुई थी। प्रतीका ने कहा कि अब दोनों मिलकर सनातन और अध्यात्म को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। उन्होंने भविष्य में एक “सनातन यूनिवर्सिटी” बनाने की भी योजना साझा की, जहां गुरु, साधक और अध्यात्म से जुड़े लोग एक मंच पर आ सकें।

कौन हैं आईआईटी बाबा की पत्नी?
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, आईआईटी बाबा की पत्नी का नाम प्रतीका है। वह कर्नाटक की रहने वाली हैं और पेशे से इंजीनियर हैं। उनका सपना है कि वह बाबा के साथ मिलकर एक सनातन यूनिवर्सिटी की शुरुआत करना चाहती हैं। आईआईटी बाबा की पत्नी ने बताया कि दोनों की मुलाकात एक साल पहले हुई थी और उन्हें अभय का नेचर बहुत पसंद आया।