जनप्रनवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: हैदराबाद से हुबली जा रही फ्लाई91 की एक उड़ान को खराब मौसम के कारण बेंगलुरु की ओर मोड़ दिया गया। एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। रविवार को विमान के 3 घंटे तक हवा में रहने से यात्री घबरा गए और कुछ यात्री रोने लगे। विमान में बैठे यात्री अपनी सुरक्षा के लिए प्रार्थना करने लगे।
बेंगलुरु की ओर मोड़ा गया विमान
सूत्रों ने बताया कि दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हैदराबाद से रवाना हुई, यह उड़ान शाम करीब साढ़े चार बजे हुबली पहुंचने वाली थी, लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण वहां नहीं उतर सकी। हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने कहा, 'हैदराबाद से हुबली जा रही उड़ान को खराब मौसम के कारण बेंगलुरु की ओर मोड़ दिया गया।'
करीब एक घंटे तक चक्कर लगाता रहा विमान
उन्होंने कहा कि इस प्रकार मार्ग परिवर्तित करना मानक सुरक्षा प्रक्रिया है। अधिकारी के अनुसार, मौसम में सुधार की उम्मीद में विमान हुबली के ऊपर करीब एक घंटे तक चक्कर लगाता रहा, जिसके बाद उसे बेंगलुरु भेज दिया गया।
रात 11 बजे हुबली के लिए हुआ रवाना
उन्होंने कहा, 'यह सामान्य प्रक्रिया है। मौसम में सुधार का इंतजार करते हुए विमान कुछ समय तक हवा में चक्कर लगाते हैं। यह पायलट का फैसला होता है।' एयरपोर्ट के अधिकारी ने कहा कि विमान बाद में शाम करीब साढ़े छह बजे बेंगलुरु में उतरा और मौसम में सुधार होने के बाद रात करीब 11 बजे उसे फिर हुबली रवाना किया गया।
विमान में सवार थे कुल 22 यात्री
सूत्रों ने बताया कि विमान में 22 यात्री सवार थे। अधिकारियों ने क्षेत्र में मौसम के कारण हुई इसी तरह की अन्य बाधाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मुंबई से कोल्हापुर जा रही एक अन्य उड़ान को भी गोवा की ओर मोड़ना पड़ा। अधिकारी ने कहा, 'सभी यात्री सुरक्षित हैं। कोई समस्या नहीं है।'





