जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: नागपुर गोरखपुर से मुबंई जा रही स्पाइसजेट के एक विमान में एक बड़ी दुर्घटना हो गई। फ्लाइट में एक यात्री को हार्ट अटैक आ गया जिसकी उसकी तुरंत मौत हो गई। मृतक की पहचान गोरखपुर निवासी सुमन कुमार चौधरी (60) के रूप में हुई, वे अपनी पत्नी और बेटी के साथ स्पाइसजेट फ्लाइट (एसजी-555) में सीट नंबर बी-6 पर यात्रा कर रहे थे। सोमवार रात करीब 8 बजे विमान ने गोरखपुर से उड़ान भरी थी।
सफर के दौरान अचानक चौधरी की तबीयत बिगड़ी और वे बेहोश हो गए। क्रू मेंबर्स ने उन्हें सीपीआर देने की कोशिश की, लेकिन हालत नाजुक देखते हुए पायलट ने नागपुर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। रात करीब 10 बजे विमान नागपुर एयरपोर्ट पर उतरा। रनवे पर पहले से मौजूद डॉक्टरों की टीम ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। कानूनी प्रक्रिया के लिए शव को शासकीय मेडिकल अस्पताल भेजा गया।
3 घंटे तक विमान में कैद रहे 162 यात्री
इस दुखद घटना के बीच विमान में सवार अन्य 162 यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा, जिससे उनका गुस्सा फूट पड़ा। यात्रियों को काफी देर तक यह नहीं बताया गया कि विमान को नागपुर क्यों डायवर्ट किया गया। लैंडिंग के बाद करीब 3 घंटे तक यात्रियों को विमान के भीतर ही रखा गया। इस दौरान उन्हें पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं कराया गया। गर्मी और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण भूखे-प्यासे यात्रियों का सब्र टूट गया और उन्होंने विमान के भीतर ही एयरलाइंस प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और संताप व्यक्त किया।





