जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। सोशल मीडिया पर एक लड़की को बोनट पर करीब 100 मीटर तक घसीटने के वायरल वीडियो की पुष्टि होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। यही नहीं जब इसकी जांच की गई तो मामला चौंकाने वाला निकला। दरअसल, यह वीडियो लखनऊ के जनेश्वर पार्क के पास का है। जहां एक लड़की को एक कार चालक घसीटता हुआ दिखाई दे रहा है। लड़की गाड़ी रोकने के लिए बार-बार कह रही है जबकि लड़का उसके ऊपर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास कर रहा है। जब यह वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई और लड़की की तहरीर के आधार पर हिट एंड रन केस में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। जब मामले की जांच हुई तो पता चला कि लड़की मूलरूप से हरदोई की रहने वाली हिन्दू है, जबकि लड़का मुस्लिम है और उसका नाम शाहनबाज है। उसने लड़की को अपना नाम यश ठाकुर बताकर प्रेमजाल में फंसाया था।

इस मामले में जब और तूल पकड़ लिया जब महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने दावा किया कि मामला हिट एंड रन का नहीं बल्कि लव जिहाद का है। उन्होंने अपनी टीम को भी घटना की तह तक जांच करने के लिए लगा दिया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बात की। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, तहरीर में लव जिहाद का जिक्र नहीं किया गया है। पुलिस के मुताबिक घटना बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर 4 के पास हुई। पीड़िता मूल रूप से हरदोई की रहने वाली है। वह एक निजी कंपनी में काम करती है। वह गोमतीनगर में किराए के मकान में रहती है। बुधवार सुबह वह गेट नंबर चार के पास एक दुकान पर चाय पीने गई थी। साथ में उसकी बुआ और बहन भी थी। इसी बीच वहां बिल्डिंग ठेकेदार शाहनवाज कार से पहुंचा। शहनवाज के साथ उसका दोस्त दानिश और एक अन्य लड़की भी थी।

युवती का आरोप है कि उसे देखकर शहनवाज और उसके दोस्त ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध पर कार से भागने लगे। लड़की उसको रोकने के लिए कार के आगे आ गई। इसके बाद भी उसने कार नहीं रोकी और उसके ऊपर कार चढ़ाने का प्रयास किया। लड़की करीब 100 मीटर तक घिसटती हुई गई इसके बाद वह गिर गई। यह देखकर पास के मौजूद बुआ और आस पड़ोस के लोग दौड़े तो आरोपी भाग निकले। इस बीच पुलिस पहुंच गई।
चौकी प्रभारी विनोद कुमार सिंह और युवती के परिजन उसे लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे। जहां उसका इलाज किया गया। हालत सामान्य होने पर दोपहर बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उधर, पुलिस ने आरोपी शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथी दानिश की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।





