जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: दिल्ली में सीबीआई ने एक वरिष्ठ अधिकारी को चार लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सीबीआई अधिकारियों ने मंगलवार को इस संबंध में जानकारी दी। सीबीआई ने अधिकारी की पहचान एमसीडी में शाहदरा उत्तर के उपायुक्त लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक कुमार मिश्रा के रूप में की है। इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में भ्रष्टाचार को ‘कतई बर्दाश्त’ नहीं करने की नीति है और इस बाबत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार सीबीआई ने मिश्रा की ओर से रिश्वत की मांग किये जाने की सूचना मिलने के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए पोस्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हम स्वच्छ और पारदर्शी शासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता में अडिग हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में भ्रष्टाचार को ‘कतई बर्दाश्त’ नहीं करने की नीति है। उन्होंने कहा कि इस बाबत“ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोई अपवाद नहीं होगा। किसी को कोई संरक्षण नहीं दिया जाएगा।





