जन प्रवाद, ब्यूरो।
एजेंसी। उत्तरी नेपाल के रसुवा जिले में भोटे कोशी नदी में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। यहां तिमुरे और स्याब्रुबेसी में बहाव इतना तेज था कि घर, वाहन और पुल सब बह गए। इसमें अब तक सात लोगों की मौत हुई है। वहीं, 384 यात्रियों के लापता होने की खबर है। इसमें से 105 भारतीय शामिल है।
जानकारी के अनुसार उत्तरी नेपाल की भोटे कोशी नदी में बुधवार को अचानक बाढ़ आ गई। जिसमें सात लोगों के शव बरामद हो चुके हैं। वहीं, 384 यात्रियों के लापता होने की संभावना है। इनमें से 291 विदेशी नागरिक बताए जा रहे है। इसमें 105 भारतीय और 93 नेपाली नागरिक शामिल है। यह जानकारी स्थानीय मीडिया पर आ रही खबरों से मिली है। वैसे नेपाल पर्यटन के हवाले से यह खबर दी गई है। इस बाढ़ के कारण तिब्बत सीमा के पास रसुवा जिले के कई क्षेत्र तबाह हो गए।

इस तबाही में घरों, गाड़ियों, पुलों और बुनियादी ढांचे और कई परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय मीडिया के अनुसार बाढ़ में हजारों लोग अभी भी लापता हैं। जिसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।
उत्तरी रसुवा में एक सीमा चौकी पर तैनात नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के चार जवान अचानक आई बाढ़ के कारण लापता हो गए हैं। इसके अलावा, स्थानीय मीडिया की मानें तो रसुवा सीमा शुल्क कार्यालय के 14 के अलावा, नेपाल पुलिस के 32 जवान भी संपर्क से बाहर बताए जा रहे हैं। नेपाल के स्वतंत्र बिजली उत्पादक संघ के अनुसार, बाढ़ से 15 हाइड्रो पॉवर परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं। इनमें से 10 चालू हैं और पांच निर्माणाधीन हैं।

बता दें कि नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने की सूचना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब नौ बजे मिली। अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ का पानी तिब्बत की ओर से आया प्रतीत होता है। सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में तिमुरे और स्याब्रुबेसी की सीमावर्ती बस्तियां शामिल हैं। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार विनाश की पूरी सीमा का पता नहीं लगाया है और न ही हताहतों की पुष्टि की है।
मीडिया पर आ रही खबरों के अनुसार गांवों और बुनियादी ढांचा परियोजना स्थलों के बह जाने की खबरें मिली हैं। भारी जानमाल का नुकसान हो सकता है। लेकिन, कुछ निश्चित रूप से कहना जल्दबाजी होगा।
नेपाल सेना के अनुसार बाढ़ के कारण तिमुरे और स्याब्रुबेसी क्षेत्र में व्यापक तबाही हुई है, जिसमें वाहन, व्यावसायिक सामान और अन्य संपत्ति पानी में बह गई है। रसुआ के मुख्य सीमा शुल्क अधिकारी राजेंद्र ढुंगाना ने बताया कि सीमा शुल्क परिसर में रखे कई वाहन और सामान बह गए। हाल ही में निर्मित एक पुल भी नष्ट हो गया।
राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण ने रसुवा, नुवाकोट, धाडिंग, चितवन और गोरखा में नदी तटों के पास रहने वाले निवासियों को सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की चेतावनी दी है।
बाढ़ की हालात को देखते हुए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सिंह दरबार में एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई। इस बैठक में रसुवा, नुवाकोट, धाडिंग, गोरखा और चितवन के संघीय सांसदों के साथ बचाव और राहत कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रधानमंत्री ने आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन राष्ट्रीय परिषद की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि निचले तटीय इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और विस्थापितों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बाढ़ पीड़ितों के लिए आपातकालीन सहायता की घोषणा की है। स्वास्थ्य और खाद्य स्वच्छता मंत्री निशा मेहता के अनुसार, संगठन 1,000 लोगों के लिए बुनियादी दवाएं, स्वास्थ्य उपकरण और 24 वर्ग मीटर के 15 इमरजेंसी टेंट भेज रहा है। इसके अलावा, काठमांडू के बीर अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में बाढ़ पीड़ितों के लिए 100 इमरजेंसी बेड आरक्षित किए गए हैं। अब तक तीन गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर काठमांडू लाया गया है।
बाढ़ की वजह में अब तक सात लोगों के मौत की पुष्टि हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, चार शव नुवाकोट में और तीन शव धाडिंग जिले में मिले हैं। राहत और बचाव कार्य के लिए नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस की संयुक्त टीमें तैनात हैं। तलाशी अभियान में 14 हेलीकॉप्टरों को लगाया गया है, जिनकी मदद से बुधवार दोपहर तक 25 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है।




