यूपी में राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों से मांगा योगदान

जन प्रवाद, ब्यूरो।
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा भी शामिल रहीं। इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि बाबा विश्वनाथ व मां अन्नपूर्णा की पावन धरा वाराणसी में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, बच्चों, किशोरियों तथा उनके परिवारों के पोषण, स्वास्थ्य और देखभाल के लिए राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ कर अवसर मिला। 

उन्होंने कहा कि समर्थ, शिक्षित, स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण लिए सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों की इस वर्ष की थीम ‘मेरी आंगनवाड़ी, मेरी जिम्मेदारी’ रखी गई है। हर आंगनवाड़ी बहन, सहायिका तथा ग्राम पंचायत के नागरिक का यह कर्तव्य है कि वे अपनी-अपनी आंगनवाड़ी की जिम्मेदारी लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन ‘आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत’ के निर्माण में अपना योगदान दें।

उन्होंने अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान में लगभग 1,90,000 आंगनवाड़ी केंद्र हैं। 897 बाल विकास परियोजनाओं के माध्यम से इन केंद्रों से सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हर माह लगभग 1 करोड़ 56 लाख लाभार्थियों को पोषण सेवाएं और 35,46,000 बच्चों को पका हुआ गर्म भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। 46 लाख बच्चों की नियमित निगरानी करते हुए उनके वजन की जांच और स्टंटिंग का आकलन किया जाता है। उन्होंने कहा कि हमने आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण और रिनोवेशन के लिए एक मॉडल प्रस्तुत किया है। इसके तहत प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर 30 लाख तक खर्च किए जा रहे हैं।

टेक होम राशन (टीएचआर) व्यवस्था को तकनीक आधारित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया गया है। 
परिवहन से लेकर आंगनवाड़ी केंद्र तक जीपीएस ट्रेकिंग की व्यवस्था की गई है और इसकी रियल टाइम मॉनिटरिंग होती है। प्रत्येक पैकेट पर क्यूआर कोड है, जिससे उसकी डिजिटल ट्रेसिविलिटी सुनिश्चित की जा सकती है।